बारिश से शहर में होने वाले नुकसान के समय मौके पर पहुंचेगी टास्क फोर्स
विज्ञापन
सहायक अभियंता की अगुवाई में काम करेगी टीमें
टीमों में कनिष्ठ अभियंता और कर्मचारी शामिल अमर उजाला ब्यूरो शिमला। राजधानी में मानसून सीजन के दौरान भारी बारिश से होने वाले नुकसान से तुरंत राहत दिलाने के लिए नगर निगम ने टास्क फोर्स गठित कर दी है। यह टास्क फोर्स भारी बारिश से शहर में होने वाले किसी तरह के नुकसान पर तुरंत मौके पर पहुंचेगी और राहत कार्य शुरू करेगी।
पूरे मानसून सीजन के दौरान छुट्टी के दिनों में भी यह फोर्स काम करेगी। इन कर्मचारियों की छुट्टियां भी निगम प्रशासन ने रद्द कर दी हैं। यदि किसी कर्मचारी या अधिकारी को जरूरी काम से छुट्टी लेनी भी है तो उसे नगर निगम आयुक्त से इसकी मंजूरी लेनी होगी। नगर निगम ने शनिवार को इस बारे में लिखित दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं। सहायक अभियंता रवि भूषण और दिनेश ठाकुर की अगुवाई में इन फोर्स का गठन किया है। यह एक हफ्ते से लेकर 15 दिन तक की शिफ्टों में काम करेंगी। 31 अक्तूबर तक इनकी तैनाती रहेगी। हर टास्क फोर्स में सहायक अभियंता के अलावा दो से तीन कनिष्ठ अभियंता और वार्डाें में काम करने वाले 25 से 30 कर्मचारी भी टॉस्क फोर्स शामिल किए गए हैं।
विज्ञापन
नगर निगम के अनुसार यदि किसी वार्ड में पेड़ ढहने, सड़क, रास्ता या दीवार गिरने से जुड़ी कोई सूचना मिलती है तो टास्क फोर्स इनकी बहाली का जिम्मा संभालेगी। लोग पार्षद के जरिये किसी भी तरह के नुकसान की सूचना नगर निगम को दे सकते हैं। नगर निगम आयुक्त भूपेंद्र अत्री ने सभी कर्मचारियों को बरसात के दौरान अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।
नालों में अवैध डंपिंग ने बढ़ाई परेशानी
शहर में कई नालों में हुई अवैध डंपिंग ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। भारी बारिश का दौर शुरू होने से पहले ही कई नाले और नालियों की निकासी व्यवस्था की पोल खुल चुकी है। समिट्री, न्यू शिमला, रुल्दूभट्ठा, मल्याणा, कृष्णानगर समेत शहर के कोर एरिया में भी नाले बंद पड़े हैं। हालांकि निगम प्रशासन ने इन्हें खोलने का काम भी शुरू करवा दिया है। सभी वार्ड के कनिष्ठ अभियंताओं को अपने क्षेत्रों में जाकर नालों का निरीक्षण करने, बंद होने पर सफाई करवाने और इनसे सटे मकानों के लोगों को अलर्ट करने के निर्देश दिए हैं।
सड़कों की टारिंग बंद, मेयर ने ली रिपोर्ट
शहर में सड़कों की टारिंग का काम बारिश के कारण बंद कर दिया है। इसे लेकर महापौर सुरेंद्र चौहान ने शनिवार को अधिकारियों से रिपोर्ट भी ली। कहा कि बारिश थमने पर यदि संभव हो तो सड़कों की टारिंग पूरी की जाए। मेयर ने शहर में चल रहे निर्माण कार्याें में तेजी लाने को लेकर भी निर्देश दिए हैं।