अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में वर्ल्ड कप के आयोजन पर बारिश का खतरा मंडरा रहा है। धर्मशाला को आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप के 10 मैच मिले थे। इनमें से अभी तक भारत-पाक मैच तो विवाद के बाद कोलकाता शिफ्ट हो गया। जबकि, 11 मार्च के दोनों मैच भारी बारिश की वजह से रद्द हो गए। अब 13 मार्च को नीदरलैंड और आयरलैंड तथा बांग्लादेश तथा ओमान के बीच दो मैच होंगे।
लेकिन, मौसम विभाग के अनुसार इस दिन भी धर्मशाला में बारिश के आसार हैं। ऐसे में धर्मशाला के बारिश के देवता इंद्रू नाग अगर मेहरबान नहीं रहे तो 13 मार्च को होने वाले दोनों मैच भी बारिश में धुल सकते हैं। 18 मार्च को धर्मशाला स्टेडियम में आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच मैच होगा। भारत पाक मैच छिनने के बाद एक यही मैच धर्मशाला स्टेडियम के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अन्य मैच छोटी टीमों के साथ हैं।
ऐसे में अगर 18 मार्च को बारिश होती है तो धर्मशाला के लिए वर्ल्ड कप का मजा पूरी तरह फीका हो जाएगा। क्योंकि, अभी तक छोटी टीमों के साथ क्वालिफायर मैच हो रहे हैं। इसमें दर्शक नाम के ही जुट रहे हैं। स्टेडियम दर्शकों के लिए तरस रहा है। ऐसे में आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड मैच के दिन स्टेडियम फुल रहने की संभावना है। कुल मिलाकर कहें तो धर्मशाला में वर्ल्ड कप पर बारिश का खतरा मंडरा रहा है।
एचपीसीए यही दुआ कर रहा है कि 18 मार्च तक बारिश नहीं होनी चाहिए। एचपीसीए प्रवक्ता संजय शर्मा का कहना है कि उन्हें अब मौसम साफ रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने कहा कि 13-14 को मौसम खराब रहेगा। 15 और 16 को ठीक रहेगा। 17 और 18 को बारिश होने की संभावना है।
धर्मशाला में आज होंगे दो मैच- धर्मशाला में रविवार को टी-20 वर्ल्ड कप के दो मैच खेले जाएंगे। दोपहर बाद पहला मुकाबला नीदरलैंड और आयरलैंड के बीच होगा। दूसरा मैच बांग्लादेश और ओमान की टीम के बीच होगा। इनमें बांग्लादेश और ओमान का पक्ष मजबूत होगा। क्योंकि, दोनों ही टीमों ने धर्मशाला में मैच जीते हैं। ऐसे में दोनों टीमें उत्साहित हैं।
ओमान की टीम के लिए यह मुकाबला अहम होगा। हारने वाली टीम की सुपर टेन में उम्मीदों को झटका लग सकता है। शनिवार को दोनों ही टीमें बारिश की वजह से नेट प्रेक्टिस नहीं कर सकीं। सुबह से ही बारिश का खलल रहा, जो प्रेक्टिस सेशन तक भी जारी रहा। बारिश के चलते धर्मशाला में ठंड का प्रकोप अचानक बढ़ गया है। ठंड के चलते टीमों के खिलाड़ी भी अपने-अपने होटलों में ही दुबके रहे।
ग्रुप ए में टीमों की अंक तालिका- टी-20 वर्ल्ड कप के क्वालीफाइंग मुकाबले के लिए ग्रुप ए में बांग्लादेश, ओमान, आयरलैंड और नीदरलैंड की टीमें शामिल हैं। बांग्लादेश और ओमान की टीम के अब तक खेले गए दो-दो मैचों में तीन-तीन अंक हैं, जबकि आयरलैंड व नीदरलैंड की टीम का एक-एक अंक है। इस ग्रुप से एक टीम क्वालिफाई करेगी जो सुपर टेन में पहुंचेगी।