आईजीएमसी में स्वाइन फ्लू से हुई मौतों से नया खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया है कि ये दो मरीज उल्टी और दस्त से पीड़ित थे। लिहाजा, डॉक्टर अब सलाह दे रहे हैं कि अगर फ्लू के साथ उल्टी और दस्त हैं तो स्वाइन फ्लू के लक्षण हो सकते हैं। इसलिए बिना देर किए डॉक्टर से जांच करा लेने में ही समझदारी है।
आईजीएमसी अस्पताल के कम्यूनिटी मेडिसन विभाग की जांच में यह खुलासा हुआ है। आईजीएमसी में उपचार के लिए आए मरीजों में इस रोग के अन्य लक्षणों के अलावा उल्टी दस्त के लक्षण भी पाए गए हैं।
आईजीएमसी के कम्यूनिटी मेडिसन विभाग के कार्यवाहक अध्यक्ष डॉ. अनमोल गुप्ता ने माना कि आईजीएमसी में स्वाइन फ्लू के रोगियों की जांच रिपोर्ट स्टडी करने पर यह तथ्य सामने आए हैं।
ये थे लक्षण
इन रोगियों को जुकाम, नाक बहने, बुखार, गले में दर्द के अलावा उल्टी और दस्त की शिकायत है। रोग के इन लक्षणों के नजर आने पर मरीज को तुरंत इसकी जांच करवानी चाहिए।
विभाग मरीजों की टेस्ट रिपोर्ट से भी इस संबंध में आंकड़े एकत्र करने का कार्य कर रहा है। आईजीएमसी के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रमेश ने कहा कि फ्लू के साथ अगर उल्टी और दस्त है तो उस व्यक्ति में स्वाइन फ्लू के लक्षण हो सकते हैं।
एक और मरीज को स्वाइन फ्लू अस्पताल में भर्ती
डा. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा में शनिवार को स्वाइन फ्लू के रोगी की मौत के बाद एक अन्य रोगी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। रोगी को आईसोलेटिड वार्ड में दाखिल करवा दिया गया है।
चिकित्सक लगातार रोगी की मॉनीटरिंग कर रहे हैं। अस्पताल के एमएस डा. दिनेश सूद ने बताया कि पिछले 24 घंटों में स्वाइन फ्लू के तीन संदिग्ध रोगी आए हैं।
इनमें से एक रोगी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। रोगी को आईसोलेटिड वार्ड में दाखिल किया गया है। दो अन्य मामले नेगेटिव पाए गए हैं।