18वीं मारुति सुजुकी रेड द हिमालय रैली सुरेश राणा और उनके सह-चालक अश्विन नाइक के नाम रही। उन्होंने दसवीं बार यह खिताब अपने नाम किया। रैली शनिवार को मनाली में संपन्न हुई। मारुति सुजुकी गैंड विटारा ड्राइव करते हुए सुरेश ने कुल 03:42:02 में दूरी तय की।
दूसरे स्थान पर त्सेरिंग लाकपा और रमेश ने पोलारिस आरजैडआर 1000 में यह दूरी 03:49:15 में तय की। मारुति सुजुकी जिप्सी ड्राइव करते हुए संदीप शर्मा और करण आर्या ने 03:51:11 में यह सफर पूरा कर तीसरा स्थान हासिल किया।
लगभग 800 किमी के एक्स्ट्रीम रूट में काजा, स्पीति, जिस्पा और सरचू जैसे कुछ बेहद कठिन क्षेत्र आए। भयानक रास्तों ने भागीदारों को एक इंसान और उसकी चहेती मशीन के बीच गजब का तालमेल दिखाने का अवसर मिला।
एडवेंचर कैटेगरी में जगमीत गिल और चंदन सेन अपनी मारुति सुजुकी स्विफ्ट में अव्वल रहे। यह इनकी एडवेंचर कैटेगरी में चौथी लगातार जीत है, जबकि दूसरा स्थान अजगर अली और मोहम्मद मुस्तफा ने हासिल किया, जो मारुति सुजुकी विटारा ब्रेजा में थे।