टीम इंडिया के हरफनमौला खिलाड़ी सुरेश रैना शुक्रवार को प्रियंका के साथ परिणय सूत्र में बंध जाएंगे। सुरेश रैना शुक्रवार को अपने सगे मामा की गैरमौजूगी में ही घोड़ी पर चढ़कर प्रियंका को बयाहने जाएंगे।
सुरेश रैना के सगे मामा हिमाचल निवासी मांगो राम को रैना के परिवार वालों ने शादी का न्यौता नहीं दिया है। कांगड़ा तहसील के मटौर में किराये के मकान में रह रहे मांगो राम को रैना के परिवार वालों ने न तो शादी का न्यौता दिया और न ही सगाई का।
मांगों राम को तो सगाई की जानकारी भी टीवी, अखबारों में खबर छपने के बाद पता चली। उन्हें रैना की शादी की तारीख के बारे में भी नहीं बताया गया है।
शादी में नहीं बुलाए रिश्तेदार
शादी का न्यौता नहीं मिलने का सवाल पूछने पर मटौर में रह रहे मामा मांगों राम कहते हैं कि उन्हें सोमवार को गाजियाबाद से रैना के माता पिता का सोमवार को फोन आया था। उन्होंने उनसे कहा कि शादी में किसी भी रिश्तेदार को नहीं बुलाया गया है।
आप बुरा मत मानना। शादी के बाद होने वाली रिसेप्शन पार्टी में सभी रिश्तेदारों को बुलाया जाएगा। शादी में राजनीति, बॉलीवुड, उद्योग और खेल जगत की बड़ी हस्तियां आएंगी। इसलिए, परिवार वालों को बाद में बुलाया जाएगा।
रैना के दो और मामे और दो मासियों को भी शादी का न्यौता नहीं मिला है। मांगों राम ने सुरेश रैना के सफल वैवाहिक जीवन की कामना करने के साथ उन्हें आशीर्वाद दिया है। फिलहाल, मांगों राम रैना की शादी की सूचना टीवी चैनल और अखबारों से ही प्राप्त कर रहे हैं।
बिना मामा संपन्न हुई नहीं मानी जाती शादी
भारतीय रीति रिवाजों के अनुसार मामा की गैरमौजूदगी से शादी संपन्न हुई नहीं मानी जाती है। पानी भरने (तोरन) की रस्म मामा ही निभाता है। इसके बाद ही समूहत, शांति हवन आदि शादी की अन्य रस्में शुरू होती हैं।
पंडित कुलदीप शर्मा कहते हैं कि बारात में भी दूल्हे को मामा ही पकड़ कर आगे ले जाता है। हवन की लकड़ी और सामग्री सहित दूल्हे के कपड़े और सेहरा मामा दी देता है। लेकिन, रैना की शादी में मामा की ऐसी कोई भी रस्म नहीं निभाई जाएगी।
धर्मशाला आने पर मामा के घर जरूर जाते हैं रैना
सुरेश रैना क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में जब भी मैच खेलने आते हैं तो खाना मटौर स्थित अपने मामा के घर ही खाते हैं। मामा मांगों राम कहते हैं कि पिछली बार वेस्ट इंडीज के साथ धर्मशाला में मैच था तो रैना घर आए थे।
रैना चेन्नई सुपरकिंगस की ओर से आईपीएल में खेलते हैं। वह कुछ समय पहले धर्मशाला क्रिकेट मैदान पर किंग्स इलेवन पंजाब की टीम के साथ हुए मैच को खेलने के लिए भी धर्मशाला आए थे।
उनकी शादी को लेकर वर्ल्ड से ही चर्चा चल रही थी। अब मामा को न बुलाने का मामला चर्चा में आ गया है।
डमटाल के रहने वाले हैं रैना के मामा
सुरेश रैना के मामा मांगों राम मूलत: हिमाचल के डमटाल के मोहटली सूरजपुर उपला के रहने वाले हैं। वह पिछले 20 साल से मटौर में रह रहे हैं। गगल में उनकी अपनी गाड़ियों की वर्कशॉप है।
उनकी बहन की शादी पठानकोट के पास सरना में जसवाली में हुई थी। उनके जीजा गाजियाबाद में केंद्र सरकार के एक उपक्रम में नौकरी करते थे। करीब 40 वर्षों से जीजा गाजियाबाद में ही रह रहे हैं। सुरेश रैना ने गाजियाबाद में ही क्रिकेट सीखा और भारतीय टीम में अपनी जगह बनाई।