चंडीगढ़ हवाई अड्डे पर मीडिया से कंगना ने कहा, किसी भी महिला का पेशा कोई भी हो, चाहे वह शिक्षक, अभिनेत्री, पत्रकार, राजनेता या यौनकर्मी हो, वे सभी सम्मान की पात्र हैं। यह पूछे जाने पर कि क्या वह दोनों कांग्रेस नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की योजना बना रही हैं, उन्होंने कहा कि उन्हें भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दिल्ली बुलाया है और वह उनसे मिलने के बाद ही जवाब देंगी। मुझे पार्टी की गरिमा बनाए रखनी है। वहीं, भाजपा की दिवंगत नेता सुषमा स्वराज की बेटी और नई दिल्ली से भाजपा की उम्मीदवार बांसुरी स्वराज ने कहा कि कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को इस पर माफी मांगनी चाहिए। भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने कहा कि यह वही पार्टी है जिसने लड़की हूं, लड़ सकती हूं... का नारा दिया था। अब वही महिलाओं का अपमान कर रहे हंै। बता दें कि सुप्रिया ने कंगना की तस्वीर के साथ एक आपत्तिजनक पोस्ट साझा की थी, जिससे विवाद खड़ा हो गया। हालांकि बाद में पोस्ट डिलीट कर दी गई। इस पर सुप्रिया ने स्पष्ट किया कि उनके फेसबुक, इंस्टाग्राम अकाउंट तक कई लोगों की पहुंच है और उनमें से किसी ने अनुचित पोस्ट किया है। जैसे ही मुझे पता चला मैंने वह पोस्ट डिलीट कर दी।
दिल्ली पहुंचीं कंगना, नड्डा से की मुलाकात
मंडी। हॉट सीट मंडी संसदीय क्षेत्र से भाजपा का टिकट मिलने के बाद अभिनेत्री कंगना रणौत मंगलवार को दिल्ली पहुंचीं। यहां पर उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात कर उन्हें टिकट देने का आभार जताया। कंगना अन्य शीर्ष नेताओं से भी मुलाकात करेंगी। उधर, सूत्रों की मानें तो कंगना दिल्ली से लौटने के बाद अपने क्षेत्र में प्रचार शुरू कर सकती हैं। बताया जा रहा है कि वह दिल्ली में दो से तीन दिन रुक सकती हैं। इस दौरान वह पीएम मोदी के साथ भी भेंट कर सकती हैं।
सांसद सनी देओल के बहाने विक्रमादित्य सिंह ने घेरी कंगना
वहीं, सांसद सनी देओल के बहाने लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मंडी से भाजपा प्रत्याशी कंगना रणौत को घेरा है। उन्होंने सनी देओल की ओर से अपना प्रतिनिधि नियुक्त करने को लेकर जारी एक पत्र अपने सोशल मीडिया पेज पर शेयर किया है। साथ ही लिखा है कि ऐसे हालात मंडी में ना हों, यही प्रभु श्रीराम से कामना करता हूं।