कैरम, शतरंज और टेबल टेनिस के मुकाबले हुए संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी के इंदिरा गांधी खेल परिसर में शनिवार को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के स्पोर्ट्स एवं कल्चरल क्लब की ओर से खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें विभाग के कर्मचारियों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
प्रतियोगिताओं के तहत कैरम, शतरंज और टेबल टेनिस के मुकाबले हुए। रविवार को शिमला ग्राउंड में क्रिकेट मैच खेले जाएंगे। प्रतियोगिता के तहत कैरम की एकल स्पर्धा में सुनील कुमार ने पहला और डॉ. कमलकांत ने दूसरा स्थान हासिल किया। महिला शतरंज में डॉ. अंजलि चौहान प्रथम और डॉ. पारुल द्वितीय रहीं। पुरुष शतरंज में टांडा के ललित मनमोहन ने पहला और डॉ. अनुज ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।
पुरुष टेबल टेनिस में डॉ. राजन गुप्ता प्रथम और डॉ. नरोत्तम राजटा द्वितीय रहे। वहीं, महिला टेबल टेनिस में पारुल ने पहला और डॉ. हिमानी ने दूसरा स्थान हासिल किया। इससे पहले ओकओवर से इंदिरा गांधी खेल परिसर तक वॉकथॉन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, स्वास्थ्य सचिव आशीष सिंहमार, स्वास्थ्य सेवाएं निदेशक डॉ. गोपाल बैरी, विभिन्न मेडिकल कॉलेजों के प्रधानाचार्य और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।