ऐतिहासिक रिज मैदान पर आज से शुरू होगा अंतरराष्ट्रीय शिमला समर फेस्टिवल, कई सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे
पहली सांस्कृतिक संध्या पर राज्यपाल कविंद्र गुप्ता होंगे मुख्यातिथि, वॉलीबाल प्रतियोगिता का भी होगा शुभारंभ
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। ऐतिहासिक रिज मैदान पर सोमवार से अंतरराष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव-2026 का शुभारंभ हो जाएगा। पहले दिन कवि सम्मेलन, जुंबा डांस, छम्म नृत्य, वॉलीबाल प्रतियोगिता समेत कई सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। स्टार नाइट में बॉलीवुड गायक शबाब साबरी धमाल मचाएंगे।
पहली सांस्कृतिक संध्या पर राज्यपाल कविंद्र गुप्ता बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। जिला प्रशासन के अनुसार सोमवार सुबह 10:00 बजे गेयटी थियेटर में हिंदी कवि सम्मेलन के साथ समर फेस्टिवल का आगाज हो जाएगा। सम्मेलन का दूसरा सत्र दोपहर 2:00 बजे आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रदेश के प्रसिद्ध कवि शामिल होंगे। पूर्वाह्न 11:00 बजे नगर निगम मैदान संजौली में वॉलीबाल प्रतियोगिता की भी शुरुआत होगी। शाम 4:00 बजे मालरोड पर पुलिस सहायता कक्ष के समीप जुंबा डांस होगा। इसमें राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पोर्टमोर, राजकीय प्राथमिक विद्यालय पोर्टमोर, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लक्कड़ बाजार और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय समरहिल के छात्र भाग लेंगे। मालरोड पर स्टेच्यू मैन और फ्लावर शो का भी आयोजन किया जाएगा। उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र पटियाला के माध्यम से विभिन्न राज्यों के सांस्कृतिक दल रिज मैदान के आसपास विभिन्न स्थानों पर और मुख्य मंच पर अपनी प्रस्तुति देंगे। पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुनों के साथ विभिन्न दल लोगों और पर्यटकों का मनोरंजन करेंगे।
जेहर नाटक भी होगा आकर्षण
शाम 6:00 बजे पुलिस सहायता कक्ष के समीप छम्म नृत्य होगा। गेयटी थियेटर में रंग मंच उत्सव के तहत जेहर नाटक प्रस्तुत किया जाएगा। पहली सांस्कृतिक संध्या में मशहूर गायक शबाब साबरी मुख्य कलाकार के रूप में शामिल होंगे। रात 8:00 बजे से 10:00 बजे तक स्टार नाइट होगी।