लक्ष्मी नारायण मंदिर में 14 जून तक होगी कथा, आचार्य नड्डा देंगे प्रवचन
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी के छोटा शिमला में स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर में रविवार को भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा शुरू हुई। अष्ट भुजा जागरण सोसायटी की ओर से आयोजित कथा 14 जून तक चलेगी। आचार्य नड्डा श्रद्धालुओं को प्रवचन देंगे। छोटा शिमला चौक से आयुर्वेदिक अस्पताल से होते हुए ढोल नगाड़ों के साथ मंदिर तक कलश यात्रा निकाली गई। इस दौरान महिलाओं ने लाल चुनरी ओढ़कर भजन-कीर्तन कर नृत्य किया। इसके बाद मंदिर में दोपहर 3 बजे कथा शुरू हुई। कथावाचक ने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा केवल श्रवण का विषय नहीं, बल्कि जीवन परिवर्तन का दिव्य साधन है। जब कथा संगीत, भजन और भाव के साथ जुड़ती है, तब वह सीधे हृदय को स्पर्श करती है और भक्ति को जागृत करती है। भगवान की लीलाओं का रसपूर्ण श्रवण मन को शांति, आनंद और आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करता है। सभा के सदस्य राकेश और रमन विज ने बताया कि कथा प्रतिदिन शाम 3 से 6 बजे तक आयोजित की जाएगी। महामंत्र 13 जून रात 8 से 9 बजे तक होगा और 14 जून को हवन यज्ञ के बाद भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर महापौर सुरेंद्र चौहान, सभा के सदस्य राजीव जैतिक, राजू राही, लखनपाल मौजूद रहे।