प्रदेश कांग्रेस कमेटी प्रवक्ता संजय सिंह चौहान ने भारी बारिश से हुए नुकसान और प्रदेश की ज्यादातर सड़कें बंद होने पर प्रदेश सरकार को जिम्मेवार ठहराया है। उन्होंने कहा कि हाल ही में भारी बारिश के दौरान अधिकांश सड़कें टूटी हैं।
प्रदेश के मुख्य मार्ग जो प्रदेश के मुख्य पर्यटक स्थलों को जोड़ते हैं, वे बंद हैं। कई पुल बह गए, सैकड़ों पेड़ गिर गए हैं। कई वाहनों का नुकसान हुआ है और कई लोगों की जान गई है।
कई जगह तो मरीजों की गाड़ियां भी अस्पतालों तक नहीं पहुंच पा रही हैं। प्रदेश की इस अव्यवस्था के लिए राज्य सरकार जिम्मेवार है।चौहान ने कहा कि इस बारिश में प्रदेश सरकार के संचालित आपदा प्रबंधन के दावे खोखले सिद्ध हुए हैं।
सरकार और अधिकारी आपदा के मद्देनजर निरंतर रूप से कार्य नहीं करते है। इस कारण छोटी- मोटी कठिनाइयों के समय लोगों को बहुत नुकसान झेलना पड़ता है।