झगड़े के एक मामले में गवाही देने से पूर्व ही एक पक्ष की ओर से दी गई धमकी से परेशान एक बुजुर्ग ने अपने मकान के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना शहर के आईटीआई कालोनी की है। मौके से सुसाइड नोट भी मिला है। मामले में मृतक के परिजनों ने धमकी देने वाले आरोपियों के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। हालांकि अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
आईटीआई कालोनी के कश्मीर सिंह बुधवार रात अपने मकान के कमरे में रोज की तरह सो रहा था। उसकी पत्नी ने बताया कि सुबह जब वह अपने कमरे से बाहर न आया, तो वह कमरे में गई। उसने देखा की पति का शव ग्रील के सहारे लटका हुआ है। उसके गले में परना फंसा हुआ था। जांच करने पर पता चला कि उसकी मौत हो गई है।
उसकी चीख सुनकर आसपास के लोग भी वहां पहुंचे। उन्होंने देखा कि कमरे में एक टेबल पर सुसाइड नोट भी पड़ा है, जो मृतक की हैड राइटिंग में लिखा हुआ था। कश्मीर सिंह ने नोट में आरोप लगाया था कि बीते कुछ समय पूर्व गांव गोत पोकर के सरपंच हरजिन्द्र सिंह व अन्य से जो उसका झगड़ा हुआ था उसकी अदालत मे पांच सितंबर तारीख है।
मृतक को इस मामले में एक पक्ष की ओर से कोर्ट में पांच सितंबर को गवाही देनी थी, लेकिन एक पक्ष के हरजिन्द्र सिंह, उसका भाई सुरिन्द्र सिंह तथा चचेरा भाई रंजीत सिंह सहित कुछ अन्य अज्ञात लोग तीन चार दिन से उसे धमकियां दे रहे थे । धमकी देने वालों ने उससे कहा था कि यदि उसने अदालत में उनके खिलाफ मुंह खोला तो उसकी हत्या कर दी जाएगी। इसी बात को लेकर वह परेशान था।
पुलिस अधिकरी गुरदीप सिंह ने बताया कि सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस ने हरजिन्द्र सिंह, सुरिन्द्र सिंह, रंजीत सिंह व अन्य के विरुद्ध केस दर्ज किया है। गिरफ्तारी के लिए आरोपियों की तलाश की जा रही है।