गगल एयरपोर्ट विस्तारीकरण के विरोध में ग्रामीणों ने जलाए पुतले।
- फोटो : संवाद
गगल एयरपोर्ट के विस्तारीकरण को लेकर इच्छी के ग्रामीणों ने शनिवार को धर्मशाला के कांग्रेस विधायक सुधीर शर्मा और कांगड़ा-चंबा के भाजपा सांसद किशन कपूर का पुतला फूंका। दोनों नेताओं के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई। समाज कल्याण कमेटी के अध्यक्ष रजनीश मोना सहित ग्रामीणों ने कहा कि एयरपोर्ट विस्तारीकरण के पक्ष में वही नेता बयानबाजी कर रहे हैं, जिनके धर्मशाला-मैक्लोडगंज और साथ लगते इलाकों में निजी होटल हैं। नेता चाहे जितना जोर लगा लें, लेकिन जनता इनके मंसूबों को पूरा नहीं होने देगी। जनता एक इंच भूमि भी दान नहीं करेगी।
हरियाणा में संयुक्त निदेशक विधि बनीं ज्वालामुखी की अलोका
ज्वालामुखी(कांगड़ा)। ज्वालामुखी के वार्ड नंबर तीन की अलोका शर्मा को संयुक्त निदेशक विधि हरियाणा सरकार नियुक्त किया गया है। अलोका को विद्युत नियामक आयोग का प्रभार दिया गया है। अलोका शर्मा ने बताया कि सम्मानित संगठन के साथ काम करने और हरियाणा राज्य के लिए ऊर्जा और बिजली क्षेत्र में सकारात्मक प्रभाव डालने के लिए तैयार हूं। वह हरियाणा के नागरिकों को बेहतर बिजली सेवाएं प्रदान करने के सामान्य लक्ष्य की दिशा में काम करने के लिए अपने अनुभव को साझा करने के लिए हमेशा तत्पर रहेंगी। अलोका के पिता स्व. अरविंद शर्मा हिमाचल प्रदेश सरकार के विशेष सचिव विधि सह जिला एवं सत्र न्यायाधीश शिमला थे। अलोका की माता शीला रानी ने बेटी की कामयाबी पर खुशी जताई है।