बोले, गरीबों की रोजी रोटी छीन रहा है निगम
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी शिमला के बाजारों और सड़कों पर बैठे तहबाजारियों को हटाने के नगर निगम के चल रहे अभियान के विरोध में तहबाजारी यूनियन ने सीटू के बैनर तले शनिवार को सीटीओ चौक पर प्रदर्शन किया।
इसमें शामिल तहबाजारियों ने नगर निगम प्रशासन और तहबाजारियों को हटाने की कार्रवाई के विरोध में जमकर नारेबाजी की। इस दौरान तहबाजारियों ने लोअर बाजार की ओर से आ रहे नगर निगम के वाहन को भी सीटीओ चौक पर रोक लिया। यहां निगम टीम और तहबाजारियों के बीच तीखी बहसबाजी हुई। मौके पर मौजूद पुलिस और क्यूआरटी (स्पेशल फोर्स) के जवानों ने गाड़ी के आगे खड़े होकर उसे रोक रहे तहबाजारियों को हटाने का प्रयास किया। इस पर तहबाजारियों और पुलिस के क्यूआरटी जवानों के बीच कुछ देर तक धक्का-मुक्की भी हुई। इससे भड़के तहबाजारियों ने नगर निगम प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए सड़क पर बैठकर धरना दिया। काफी देर तक निगम टीम को यहां रोका गया। इसके बाद टीम का वाहन वाया लोअर बाजार, शेरे पंजाब होते हुए मालरोड पहुंचा। प्रदर्शन जारी रहने तक नगर निगम की कार्रवाई के बाद लौट रहे वाहन को जाने के लिए रास्ता नहीं छोड़ा गया।
सीटू नेताओं ने कहा कि तहबाजारियों को उजाड़ने और उनकी रोजी-रोटी पर संकट खड़ा करने वाली नगर निगम की इस कार्रवाई को तुरंत बंद किया जाए। नगर निगम तहबाजारियों को हटाने और उजाड़ने की यह कार्रवाई जब तक बंद नहीं करता, उनका आंदोलन जारी रहेगा। बाजार और सड़कों पर बैठकर मेहनत से सामान बेचकर अपने परिवार का पेट पालने वाले सैकड़ों तहबाजारियों की रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है। नगर निगम प्रशासन इस तरह की कार्रवाई को तुरंत बंद करें क्योंकि सभी को रोजी-रोटी कमाने का हक है। नगर निगम लगातार तहबाजारियों को हटा रहा है, जिससे उनके लिए दो वक्त की रोटी का जुगाड़ करना मुश्किल हो गया है। रोजी-रोटी के लिए लड़ी जा रही यह लड़ाई आने वाले समय में और तेज की जाएगी। प्रदर्शन को सीटू के राज्य अध्यक्ष विजेंद्र मेहरा, तहबाजारी यूनियन के अध्यक्ष दर्शन, उपाध्यक्ष शबू आलम, ओम प्रकाश शर्मा और महासचिव राकेश कुमार ने संबोधित किया।
आंदोलन को और उग्र करेंगे तहबाजारी
सीटू नेताओं ने कहा कि तहबाजारियों को उजाड़ने की कार्रवाई बंद किए जाने तक यह आंदोलन जारी रहेगा और आने वाले समय में इसे और उग्र किया जाएगा। विजेंद्र मेहरा ने कहा कि सोमवार को नगर निगम की टाउन वेंडिंग कमेटी की होने वाली बैठक में तहबाजारियों में से बनाए गए सदस्य भाग लेंगे और सैकड़ों तहबाजारी बैठक स्थल के बाहर मोर्चाबंदी कर नगर निगम प्रशासन को घेरेंगे।