आईजीएमसी और ढली बसें चलाने की मांग संवाद न्यूज एजेंसी शिमला। अटल सुपर स्पेशलिटी आर्युविज्ञान संस्थान (चमियाना) प्रबंधन ने संस्थान तक नियमित टेंपों ट्रैवलर चलाने का आग्रह किया है। परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में चमियाना अस्पताल प्रबंधन ने यह बात कही है। अटल सुपर स्पेशलिटी आर्युविज्ञान संस्थान (चमियाना) में हाल ही में यूरोलॉजी विभाग की ओपीडी शुरू हुई है। संस्थान में सप्ताह में तीन दिन ओपीडी चलेगी। न्यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी और प्लास्टिक सर्जरी विभाग की ओपीडी चल रही है, तो ऐसे में मरीजों की संख्या अब तिगुनी हो गई है। यही वजह है कि अब अस्पताल प्रबंधन ने हर आधे घंटे में आईजीएमसी से चमियाना और ढली टनल के बीच टेंपों ट्रैवलर चलाने का आग्रह परिवहन विभाग ले किया है। बैठक के दौरान अस्पताल के स्टाफ के लिए अलग से टेंपो ट्रैवलर चलाने की बात कही।
अटल सुपर स्पेशलिटी आयुर्विज्ञान संस्थान (चमियाना) के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुधीर शर्मा ने कहा कि एचआरटीसी ढली के प्रभारी के साथ बैठक हुई है। इसमें कि चमियाना, आईजीएमसी और ढली टनल से नियमित बस सेवा बढ़ाने पर चर्चा हुई है। अधिकारी ने कहा है कि जल्द बस या टेंपो ट्रैवलर की व्यवस्था की जाएगी।
शाम 7 बजे तक चल रही ओपीडी
चमियाना अस्पताल में हफ्ते में तीन दिन यूरोलॉजी विभाग की ओपीडी चलेगी। मरीजों की संख्या अधिक होने के कारण शाम 7 बजे तक चिकित्सक ओपीडी में मरीजों का चेकअप कर रहे हैं।