हिमाचल प्रदेश चयन आयोग ने अप्रैल 2020 में आवेदन मांगे थे। आवेदन के बाद 22 अगस्त, 2021 को लिखित परीक्षा हुई थी। दो साल बाद भी भर्ती प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई है।
हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग ने पोस्ट कोड 838 जूनियर ड्राफ्ट्समैन के 89 पद भरने के लिए अप्रैल 2020 में आवेदन मांगे थे। दो साल बाद भी भर्ती प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई है। इससे आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आवेदन करने वाले अभ्यर्थी न तो किसी दूसरे पदों के लिए तैयारी कर पा रहे हैं और न ही अपना खुद का रोजगार शुरू कर पा रहे हैं। युवाओं को चिंता है कि अगर बैंक से ऋण लेकर स्वरोजगार शुरू कर दिया और कुछ दिनों के बाद सरकारी नौकरी मिल गई तो ऋण कौन भरेगा और शुरू किए गए व्यवसाय को कौन संभालेगा?
विज्ञापन
संजीव कुमार, सुनील, प्रदीप, सुनीता देवी, अंकिता और विवेक ने कहा कि भर्ती परीक्षा के परिणाम के इंतजार में वे काफी परेशान हैं।
चयन आयोग ने अप्रैल 2020 में आवेदन मांगे थे। आवेदन के बाद 22 अगस्त, 2021 को लिखित परीक्षा हुई थी। लिखित परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद आयोग ने जनवरी 2022 में पंद्रह अंकों की मूल्यांकन परीक्षा ली। इसके बाद में हुईं भर्ती परीक्षाओं के परिणाम घोषित हो चुके हैं, लेकिन जूनियर ड्राफ्ट्समैन भर्ती परीक्षा का फाइनल परिणाम घोषित नहीं किया जा रहा है। उन्होंने आयोग से जल्द भर्ती परीक्षा की मेरिट सूची जारी करने की मांग की है।उधर, हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर के सचिव डॉ. जितेंद्र कंवर ने बताया कि शीघ्र जूनियर ड्राफ्ट्समैन भर्ती परीक्षा का फाइनल परिणाम घोषित किया जाएगा।