हिमाचल सरकार के प्रयासों से बाहरी राज्यों में फंसे लोगों को उनके परिजनों के पास पहुंचाने के लिए रेलगाड़ियां लगातार पहुंच रही हैं। शनिवार को एक और विशेष गाड़ी केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम से 35 यात्रियों को लेकर सुबह 10 बजे पठानकोट रेलवे स्टेशन पर पहुंची। यह ट्रेन वीरवार को रवाना हुई थी। एसडीएम सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि शनिवार देर रात एक और विशेष ट्रेन हिमाचल के 484 यात्रियों को ठाणे महाराष्ट्र से लेकर चक्की बैंक पठानकोट स्टेशन पहुंचेगी। केरल और महाराष्ट्र कोरोना को लेकर रेड जोन में शामिल हैं।
इसी सप्ताह चेन्नई तथा हैदराबाद में फंसे 377 हिमाचलियों को लेकर भी दो विशेष ट्रेनें पठानकोट पहुंची थीं। जहां से उन्हें एचआरटीसी की बसों से उनके जिलों में बनाए संस्थागत क्वारंटीन केंद्रों में भेजा था। एसडीएम ने बताया कि इस ट्रेन से कांगड़ा जिले के 11, हमीरपुर व कुल्लू के पांच-पांच, बिलासपुर व चंबा का एक-एक, मंडी-शिमला के चार-चार, जबकि ऊना तथा सोलन जिले के दो-दो लोग आए हैं। कांगड़ा के लोगों को प्रशासन के मोहटली में बनाए संस्थागत क्वारंटीन केंद्र में भेजा है, जबकि अन्य जिलों के यात्रियों को उनके जिलों के संस्थागत क्वारंटीन केंद्रों में रखा जाएगा।