आधार कार्ड पंजीकरण को लेकर बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त दिव्यांशु सिंगल ने जारी किए दिशा-निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। स्कूली छात्रों के आधार कार्ड अपडेट करने के लिए अब स्कूलों में शिविर लगाए जाएंगे। आधार कार्ड पंजीकरण की समीक्षा को लेकर बैठक की अध्यक्षता करते हुए अतिरिक्त उपायुक्त दिव्यांशु सिंगल ने शिक्षा विभाग को इस बारे में दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
अतिरिक्त उपायुक्त ने निर्देश दिए कि स्कूल के प्रधानाचार्यों और मुख्याध्यापकों को शिक्षा विभाग इस बारे में दिशा-निर्देश जारी करें। स्कूलों में विद्यार्थियों के मैनडेटरी बायोमेट्रिक अपडेट करवाने के लिए विशेष शिविर लगवाएं। इसमें जिला प्रशासन भी मदद देगा। अतिरिक्त उपायुक्त ने डाक विभाग से आए प्रतिनिधियों से भी अनुरोध किया गया कि वे डाकघरों में आधार कार्ड बनाने की निर्धारित समय अवधि को बढ़ाएं ताकि जिला के दूरदराज के लोगों को किसी तरह की असुविधा न हो। बैठक में यूआईडीएआई से आए प्रतिनिधि विजय सिंह ने बताया कि पांच और पंद्रह वर्ष की आयु के बाद आधार कार्ड धारकों को अनिवार्य तौर पर बायोमेट्रिक अपडेट करवाना जरूरी है। इसे अपडेट करवाने में स्कूलों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। बताया कि जिले में 95 आधार केंद्र हैं जिन्हें भारत सरकार के दिशा-निर्देशानुसार सरकारी भवनों में चलाया जा रहा है। केवल कुछ प्राइवेट बैंकों को इसमें छूट दी गई है। दिव्यांशु सिंगल ने आम जनता से भी अपील की कि वे आधार पंजीकरण कार्य में सहयोग प्रदान करे व अपने नजदीकी आधार केंद्र में जाकर अपना आधार अपडेट करवाएं ताकि उन्हें सरकार की ओर से विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल सके। इसके अतिरिक्त जिला शिमला में कार्यरत किसी भी आधार केंद्र के संबंध में किसी भी प्रकार के सुझाव या शिकायत के लिए यूआईडीएआई की ईमेल आईडी helpuidai.gov.in या जिला प्रशासन से संपर्क कर सकते हैं।