हिमाचल प्रदेश के नगर परिषद बैजनाथ के उस्तेहड़ गांव के 26 वर्षीय जवान अक्षित अवस्थी सैन्य प्रशिक्षण के दौरान बलिदान हो गए। अक्षित पंजाब रेजिमेंट में सैनिक थे और वर्तमान में जम्मू-कश्मीर के राजौरी सेक्टर में एक सैन्य प्रशिक्षण में भाग ले रहे थे। सोमवार को ग्राउंड प्रशिक्षण के दौरान नौ पंजाब रेजिमेंट के जवान नियमित अभ्यास कर रहे थे। राजौरी के सुंदरबनी इलाके में बहने वाली मिनावर तवी नदी के तट पर सैनिकों को नदी पार करने की बारीकियां और सुरक्षा मानकों का प्रशिक्षण दिया जा रहा था। दोपहर 12:00 बजे जब अक्षित अवस्थी अभ्यास कर रहे थे, तभी अचानक पानी के तेज बहाव और गहराई होने के कारण वह लापता हो गए।