क्लीन ग्रीन नालागढ़ अभियान के लिए राज्यपाल आचार्य देवव्रत को रोपड़ से बद्दी पहुंचना था। मुख्यमंत्री के शिमला से हेलीकॉप्टर रवाना होने में हुई देरी से राज्यपाल को रोपड़ में आधा घंटा इंतजार करवाया गया।
राज्यपाल के आपत्ति जताने के बाद कई बार राजभवन की ओर से स्थानीय प्रशासन को अवगत भी करवाया गया। नालागढ़ पहुंचने के बाद भी राज्यपाल को तय प्रोटोकाल नहीं मिला तो उनकी नाराजगी और बढ़ गई।
विनोद डीसी सोलन तो बिंदु एसपी बद्दी
सरकार ने 6 जनवरी को डीसी सोलन का प्रभार लेने वाले हंसराज शर्मा को बदलकर महिला एवं बाल विकास विभाग का निदेशक तैनात किया है। धर्मशाला में सेटलमेंट अधिकारी विनोद कुमार को डीसी सोलन का जिम्मा दिया है।
आईपीएस गौरव सिंह को एसपी बद्दी से हटाकर पांचवीं बटालियन बस्सी भेजा है। उनकी जगह रानी बिंदु सचदेवा को बद्दी एसपी तैनात किया है। शुक्रवार को डीसी हंसराज ने मुख्यमंत्री को स्थिति साफ करनी चाही, लेकिन उन्होंने आदेश पलटने से इनकार कर दिया।
फंसी वीवीआईपी की गाड़ियां
मुख्यमंत्री की सुरक्षा को लेकर पर्याप्त व्यवस्था नहीं रही। बरोटीवाला में हेलीपेड के साथ बने रेस्ट रूम का हेलीकॉप्टर के पंखों से निकली हवा के चलते शीशा टूट गया। नालागढ़ भरतगढ़ मार्ग पर हुए कार्यक्रम में पहुंचने पर लोगों ने उन्हें घेर लिया।
पेट्रोल पंप के पास उनके लिए गार्ड ऑफ आनर का कार्यक्रम था, लेकिन अव्यवस्था के चलते पायलट गाड़ी पेट्रोल पंप में जा घुसी। इतना ही नहीं, एक रक्तदान शिविर में पहुंचे तो वहां मुख्यमंत्री काफिले की गाड़ियां ट्रैफिक में फंस गईं।
बद्दी (सोलन)। आईपीएस अधिकारी गौरव सिंह के तबादले से बीबीएन लोग भड़क गए हैं। तबादला निरस्त न करने की सूरत में जनप्रतिनिधियों ने सड़कों पर उतरने की धमकी दे डाली है। साथ ही कहा कि ईमानदार आईपीएस अधिकारी के तबादले से वे दुखी हैं। वहीं, समाजसेवी बबलू पंडित ने आत्मदाह तक की धमकी दी है।
उन्होंने कहा कि युवा अधिकारी ने बीबीएन में शराब और खनन माफिया पर शिकंजा कस दिया था। आईपीएस गौरव सिंह के तबादले का फैसला जनता की भावनाओं पर तमाचा है। बबलू पंडित ने कहा कि अगर सरकार ने फैसला वापस नहीं लिया तो वह शनिवार को आत्मदाह करेंगे।
क्षेत्र के जन प्रतिनिधियों और पंचायत प्रधानों भाग सिंह, प्रधान रामरत्न चौधरी, प्रधान पोला राम चौधरी, उपप्रधान हितेंद्र सोनू, प्रधान नसीब सिंह और प्रधान हेमराज काला ने कहा कि ट्रैफिक व्यवस्था के साथ नशे के अंत के लिए बीबीएन को आईपीएस गौरव सिंह की जरूरत है।
उधर, आईपीएस अधिकारी गौरव सिंह ने कहा कि सरकार और विभागीय आदेश आने के बाद उन्होंने पांचवीं बटालियन बस्सी बिलासपुर में बतौर कमांडेंट ज्वाइन कर लिया है।