फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिमाचल के कई इलाकों में ताजा हिमपात, सरकार ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

Mon, 16 Jan 2017 04:09 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, शिमला
विज्ञापन
विज्ञापन
उतर भारत में भारी हिमपात चेतावनी के बीच हिमाचल के पर्वतीय क्षेत्रों में रविवार शाम और सोमवार सुबह ताजा हिमपात हुआ। इससे पूरा प्रदेश शीतलहर की चपेट में आ गया है। रोहतांग, कल्पा, केलांग, चंबा, किन्‍नौर, सिरमौर, कुल्‍लू जिला के उपरी इलाकों में रुक रुक कर बर्फबारी जारी है।
विज्ञापन


वहीं, प्रदेश के दूसरे क्षेत्रों में भी बर्फबारी का सिलसिला शुरू हो गया है। शिमला में भी देर रात हल्की बर्फबारी हुई। सरकार ने बर्फबारी को देखते हुए अलर्ट भी जारी कर दिया है। इसके अलावा हेल्पलाइन नंबर भी जारी कर दिए गए हैं।

रविवार को किन्नौर जिले के कल्पा के अलावा लाहौल स्पीति के रोहतांग, कुल्लू जिले के जलोड़ी दर्रा और चंबा जिले के ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में दिन भर रुक-रुक कर बर्फ के फाहें गिरने का दौर जारी रहा।
विज्ञापन

हिमाचल में अलर्ट, कई विभागों में रद्द हुई छुट्टियां

उधर, हिमाचल सरकार ने भी अलर्ट जारी कर दिया है। राज्य सरकार ने लोक निर्माण, सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभागों के अलावा बिजली बोर्ड के संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर अधिकारियों को केवल गंभीर कारणों पर ही अवकाश मंजूर करने के निर्देश जारी किए हैं।

ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में दिन भर रुक-रुक कर बर्फ के फाहें गिरने का दौर जारी रहा। एचआरटीसी कुल्लू ने तो जिले के दुर्गम इलाकों को जोड़ने वाले दो दर्जन बस रूटों पर अपनी बसों को गंतव्य तक नहीं भेजा।

नौ दिन बाद कुल्लू जिले के बाह्य सराज की सात पंचायतों में बिजली पहुंची, मगर भारी हिमपात की चेतावनी के बाद इसके बने रहने पर संदेह जताया जा रहा है। रविवार को केलांग में न्यूनतम तापमान -11.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि ऊना में ही अधिकतम 18.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। कल्पा में -2.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। राजधानी शिमला न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री, मनाली का 1.0 डिग्री और धर्मशाला का 6.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

नमक डालकर पिघलाई जाएगी सड़कों से बर्फ

मौसम विभाग की ओर से राजधानी शिमला सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी को लेकर जारी अलर्ट के बाद जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। सड़कें बंद होने के कारण राजधानी के लोगों को परेशानी न झेलनी पड़े इसके लिए इस बार नमक डाल कर बर्फ पिघलाने का फैसला लिया गया है।

राहत कार्यों की तैयारियों को लेकर रविवार को उपायुक्त शिमला ने सभी विभागों के उच्चाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उपायुक्त ने शहर की सड़कों को तुरंत बहाल करने के लिए रविवार शाम ही संवेदनशील जगहों पर मशीनरी तैनात करने के भी आदेश दिए। बर्फबारी के बाद पेड़ गिरने की स्थिति में गिरे पेड़ों को तुरंत हटाने के आदेश जारी किए गए हैं। पेड़ों को हटाने के लिए उपकरणों की भी व्यवस्था कर दी गई है।

आपदा प्रबंधन के तहत शिमला को पांच सेक्टर में बांटा गया है और प्रत्येक सेक्टर के लिए सेक्टर आफिसरों की भी तैनाती कर दी गई है। पुलिस विभाग को यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में पुलिस अधीक्षक डीडब्ल्यू नेगी, अतिरिक्त उपायुक्त राकेश कुमार प्रजापति, एडीएम जीसी नेगी, सुनील शर्मा मौजूद रहे।

24 घंटे मुस्तैद रहेगा बिजली बोर्ड, देखें हेल्पलाइन नंबर

बर्फबारी की संभावना को देखते हुए बिजली बोर्ड ने कमर कस ली है। विद्युत आपूर्ति बहाल करने के लिए बोर्ड 24 घंटे अपने पास लेबर मौजूद रखेगा।  मौसम विभाग ने एक बार फिर सोमवार को राजधानी शिमला के साथ साथ ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी होने की चेतावनी दी है।

विद्युत बोर्ड ने पूरी सर्दियों के दौरान बिजली आपूर्ति को जल्द बहाल करने के लिए फील्ड स्टाफ की छुट्टियां भी रद्द कर दी हैं। बोर्ड दावा कर रहा है कि बर्फबारी होने पर विद्युत आपूर्ति अवरुद्ध होने पर इसे जल्द से जल्द बहाल करने की कोशिश की जाएगी। विद्युत बोर्ड शिमला मंडल के अधिशाषी अभियंता एचके शर्मा ने बताया कि यदि फिर से बर्फबारी होती है तो बोर्ड इससे निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है।

शिकायत के लिए इन नंबरों पर करें संपर्क
ढली      2814914
ईदगाह     2812375
खलीणी    2623724
संजौली    2640008
रिज        2657655
समरहिल   2830533
कसुम्पटी    2621385
आईजीएमसी 2811339
छोटा शिमला  2625750
यूएस क्लब   2801571
चार्ली विला    2623951

इमरजेंसी में यहां तैनात रहेंगी एंबुलेंस, ये हैं हेल्पलाइन नंबर

शिमला शहर में भारी बर्फबारी होने पर आपातकालीन स्थिति में मरीजों को अस्पतालों तक पहुंचाने के लिए शहर में अलग- अलग जगहों पर एंबुलेंस तैनात रहेंगी। उपायुक्त रोहन चंद ठाकुर ने बताया कि मैहली, आईजीएमसी, टूटीकंडी बाईपास और संजौली चौकी के पास एंबुलेंस खड़ी रहेंगी।

यहां खड़ी रहेंगी एंबुलेंस, ये होंगे चालकों के नंबर
मैहली                 एचपी 07 ए 0567     चालक नंबर 98171-54329
आईजीएमसी        एचपी 07 ए 0568     चालक नंबर 88947- 00711
बाईपास क्रासिंग    एचपी 07 ए 0591     चालक नंबर 88947-00710
संजौली                एचपी 07 ए 0656     चालक नंबर 86280-52999

शिमला में रखा गया दूध, ब्रेड, राशन का भरपूर कोटा

शिमला के उपायुक्त रोहन चंद ठाकुर ने कहा कि जिला शिमला में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सामान्य बनी हुई है और आगामी दिनों में बर्फ बारी की संभावना को देखते हुए थोक विक्रेताओं को दिए गए निर्देशों की अनुपालना में सामान्य से अधिक दूध और ब्रेड की आपूर्ति की गई है।

शिमला शहर में 52000 लीटर दूध और 11000 ब्रेड पैकेट की आपूर्ति हुई है। राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के थोक भंडारों में चावल 16623 क्विंटल, गेहूं 4464 क्विंटल, चीनी 1158 क्विंटल,  दालें 4229 क्विंटल तेल 118620 लीटर उपलब्ध है।

गैस एजेंसियों में एलपीजी गैस की उपलब्धता सामान्य है। 8600 सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध है। पेट्रोल पंपों पर 3 लाख 46 हजार लीटर पेट्रोल और 4  लाख 6 हजार डीजल का स्टॉक उपलब्ध है।

उपायुक्त ने बताया कि रोहडू, जुब्बल, चिड़गांव और चौपाल में वाया पांवटा साहिब गैस और डीजल- पेट्रोल की गाड़ियां भेजी जा रही हैं। रामपुर को वाया बसंतपुर गैस और डीजल- पेट्रोल की गाड़ियां भेजी जा रही हैं।
विज्ञापन

बर्फ हटाने को 7 जेसीबी, 2 रोबोट, 150 कर्मी तैनात

भारी बर्फबारी के पूर्वानुमान के चलते नगर निगम ने शहर की सड़कों से बर्फ हटाने के लिए 7 जेसीबी मशीनें, दो रोबोट और 150 कर्मी तैनात कर दिए हैं। आपात स्थिति की संभावनाओं के मद्देनजर चौड़ा मैदान, शिमला क्लब और रिज पर दो-दो जेसीबी तैनात की गई है।

एक जेसीबी को संजौली में तैनात किया गया है। नगर निगम प्रशासन की ओर से सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद कर उन्हें राहत कार्य के दौरान फील्ड में मौजूद रहने के निर्देश दिए गए हैं। बर्फबारी के बाद पेड़ गिरने से राहत कार्य प्रभावित न हो इसके लिए नगर निगम प्रशासन ने डीजल से चलने वाली आरा मशीनों का इंतजाम कर लिया गया है।

पेड़ गिरने की सूचना मिलते ही आरा मशीन के साथ लेबर को प्रभावित क्षेत्र की ओर रवाना कर दिया जाएगा। बर्फ गिरने के बाद फिसलन के चलते लोग चोटिल न हों इसके लिए हर 150 मीटर की दूरी पर रेत के ढेर लगा दिए गए हैं। जेसीबी मशीनों को तुरंत राहत कार्य पर लगाया जा सके इसके लिए मशीनों के चालकों को मिडल बाजार स्थित एक धर्मशाला में ठहराया गया है।

मशीनों के संचालन में किसी प्रकार का व्यवधान न पड़े इसके लिए अतिरिक्त डीजल भी स्टोर कर दिया गया है। रविवार को छुट्टी के बावजूद नगर निगम आयुक्त की अगुवाई में निगम के अन्य अधिकारी और कर्मचारी सुबह साढ़े सात बजे से फील्ड में तैनात रहे। आईजीएमसी लक्कड़ बाजार सड़क, आईजीएमसी कार्ट रोड, रामचंद्रा चौक सहित अन्य सड़कों से बर्फ हटाई गई।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें