फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रोहतांग में बर्फबारी, कुल्लू में बारिश-अंधड़ और मैदानी जिलों में छूटे पसीने

Sat, 23 May 2020 06:10 PM IST
अरविन्द ठाकुर अमर उजाला नेटवर्क, शिमला
विज्ञापन
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

हिमाचल में शनिवार को मौसम के कई रंग देखने को मिले। रोहतांग में ताजा बर्फबारी हुई। कुल्लू में अंधड़ ने लोगों को परेशान किया। मैदानी जिलों में तेज धूप खिलने से लोगों के खूब पसीने छूटे। ऊना में शनिवार को लगातार दूसरे दिन अधिकतम तापमान 42 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में भी गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है।

विज्ञापन


मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने रविवार को भी प्रदेश के कुछ मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान जताया है। 25 और 26 मई को मौसम साफ रहने तथा 27 मई से दोबारा बादल बरसने की संभावना है। मैदानी जिलों में 28 मई तक मौसम साफ रहने के आसार हैं। शनिवार दोपहर बाद कुल्लू व लाहौल-स्पीति में मौसम ने करवट बदली। दोपहर बाद रोहतांग सहित ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ।

निचले क्षेत्रों में बारिश के साथ अंधड़ चला। इससे कई पेड़ों की टहनियां टूट गई। कुल्लू शहर में बिजली भी गुल हो गई। बारिश होने से घाटी में बीते कुछ दिनों से जारी गर्मी से लोगों को कुछ राहत मिली। राजधानी शिमला में शनिवार को दिन के समय मौसम साफ रहा। शाम पांच बजे के बाद शहर में बादल छा गए। तेज हवाएं चलने से मौसम में हल्की ठंडक होने से राजधानी के लोगों को भी गर्मी से कुछ राहत मिली।
विज्ञापन


उधर, शिमला में शनिवार को अधिकतम तापमान 28.6, सुंदरनगर 37.8, कल्पा 24.6, धर्मशाला 30.4, नाहन 36.2, सोलन 34.6, कांगड़ा 38.0, बिलासपुर 39.0, हमीरपुर 38.2, चंबा 32.2, डलहौजी 23.7 और केलांग में 17.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। शुक्रवार रात को नाहन में न्यूनतम तापमान 23.1, बिलासपुर 23.0, हमीरपुर 22.4, कांगड़ा 20.6, ऊना 21.0, शिमला 19.6, धर्मशाला 17.4 और केलांग में 6.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। 

विज्ञापन

दो दिन बाद सरचू में बनेगी अस्थायी चौकी

 सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मनाली-लेह मार्ग पर ट्रैफिक शुरू होते ही हिमाचल पुलिस की सक्रियता बढ़ गई है। प्रदेश पुलिस विभाग हिमाचल सीमा सरचू में सोमवार से अस्थायी चौकी स्थापित करने जा रहा है। इससे कोरोना में हिमाचल और लेह की ओर आवाजाही करने वाले लोगों पर पुलिस की नजर रहेगी। दारचा पंचायत के लोगों ने सरचू में मेडिकल टीम भी बैठाने की प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग से सिफारिश की है। मनाली-लेह मार्ग 18 मई को यातायात के लिए बहाल हुआ था। अब इन दिनों लेह की ओर तेल से भरे टैंकर सहित अन्य वाहन दनादन दौड़ने लगे हैं। कृषि मंत्री डॉ. रामलाल मारकंडा ने पुलिस को हिमाचल सीमा सरचू में जल्द अस्थायी पुलिस चौकी स्थापित करने के निर्देश दिए हैं।

हालांकि, इस बार सरचू की ओर ड्यूटी देना पुलिस जवानों के लिए आसान नहीं है। अभी भी उस ओर सुबह व शाम कड़क ठंड पड़ने के साथ ही मौसम का मिजाज बिगड़ते ही बर्फबारी शुरू हो रही है। दारचा में पुलिस की अस्थाई चौकी पहले ही खोली गई है। कोलंग वार्ड से जिप सदस्य छिमेद लामों ने कहा कि सरचू में मेडिकल टीम जंखर सुमदो में पुलिस की तैनाती व मेडिकल टीम तैनात की जाए। मेडिकल टीम तैनात किए जाने को लेकर की मांग केलांग में कृषि मंत्री के समक्ष रखी गई है। डीएसपी केलांग हेमंत कुमार ने कहा कि सोमवार को हिमाचल सीमा सरचू में पुलिस की अस्थायी चौकी स्थापित की जाएगी। इसकी पुलिस विभाग की ओर से तैयारी कर ली गई है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें