हिल्स क्वीन शिमला सहित प्रदेश के अधिकतर इलाकों में रविवार शाम के समय हल्की बारिश दर्ज की गई। कई इलाकों में हल्की ओलावृष्टि होने की भी सूचना है।
वहीं, रोहतांग और लाहौल स्पीति के ऊंचाई वाले स्थानों पर हल्की बर्फबारी रिकॉर्ड की गई। बारिश और बर्फबारी के बाद प्रदेश में लोगों को गरमी से राहत मिली है। देर शाम ठंडी हवाएं चलने से लोगों को ठंडक का एहसास हुआ।
मौसम विभाग का कहना है कि सोमवार को भी प्रदेश में हल्की बारिश हो सकती है। शिमला और इसके आसपाल के इलाकों में रविवार सुबह से ही हल्के बादल छाए रहे। यहां दोपहर तीन बजे के बाद हल्की बूंदाबांदी हुई।
फसलों को हुआ नुकसान
इसके अलावा जिला चंबा के निचले क्षेत्रों में तेज बारिश हुई है। इससे फसलों को काफी नुकसान हुआ है। प्रदेश के अन्य इलाकों में भी बारिश होने की खबर है।
रविवार को राजधानी शिमला का अधिकतम तापमान 25.2 और न्यूनतम 14.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है और अगले दो दिन गरमी से राहत मिलेगी।