स्कीइंग और स्नो बोर्ड प्रतियोगिता।
- फोटो : संवाद
पर्यटन नगरी मनाली के सोलंगनाला की स्की ढलान में सोमवार को अंडर-18, अंडर-13 और अंडर-12 वर्ग के खिलाड़ियों ने अपने हुनर का प्रदर्शन किया। यहां दो दिवसीय स्कीइंग और स्नो बोर्ड प्रतियोगिता शुरू हो गई है। शुभारंभ दिल्ली स्की एसोसिएशन के महासचिव रोहित चोपड़ा ने किया। सोमवार को 18 वर्ष से नीचे की आयु के लड़के और लड़कियों की ज्वाइंट सलालम के दो राउंड हुए। इसमें 15 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
वहीं अंडर 13 और 12 वर्ष से कम आयु वर्ग के लड़के और लड़कियों में भी पहले और दूसरे राउंड के ज्वाइंट सलालम मुकाबले हुए। प्रतियोगिता में 200 से अधिक स्कीयर भाग ले रहे हैं। स्की हिमालयाज के सौजन्य से आयोजित दो दिवसीय अल्पाइन प्रीमियर लीग के आयोजक अमिताभ शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। बताया कि अल्पाइन प्रीमियर लीग मुकाबले में सीनियर, जूनियर और सब जूनियर वर्ग के महिला और पुरुष के 180 स्कीयर और 35 खिलाड़ी स्नो बोर्ड प्रतियोगिता में प्रतिभा दिखाएंगे। उन्होंने कहा कि स्पर्धा में लाहौल व कुल्लू के अलावा दिल्ली और मुंबई के प्रतिभागी भाग ले रहे हैं।
50 साल से अधिक आयु वर्ग के पुरुष खिलाड़ियों की ज्वाइंट सलालम प्रतियोगिता के साथ क्रॉस कंट्री में पुरुष और महिलाएं पांच किलोमीटर दूरी की रेस में भाग लेंगे। लीग के संयोजक नकुल खुल्लर ने बताया कि विंटर गेम्स व पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रतियोगिता करवाई जा रही है। कार्यक्रम में लाहौल-स्पीति के उपायुक्त नीरज कुमार, एसडीएम मनाली डॉ सुरेंद्र ठाकुर सहित कई लोग उपस्थित रहे