लक्कड़ बाजार आइस स्केटिंग रिंक में युवाओं सहित पर्यटकों ने लिया स्केटिंग का आनंद
विज्ञापन
बादल छाने दोपहर बाद फिर पिघल गई बर्फ संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी के लक्कड़ बाजार स्थित आइस स्केटिंग रिंक में वीरवार को आठ दिन के अंतराल के बाद स्केटिंग का सत्र आयोजित किया गया। सुबह 8:00 बजे शुरू हुए सत्र में बच्चों, युवाओं, पर्यटकों और स्थानीय स्केटर्स ने स्केटिंग का आनंद लिया।
कई स्थानीय परिवार अपने बच्चों को लेकर रिंक पहुंचे जहां प्रशिक्षकों ने शुरुआती स्केटर्स को प्रशिक्षण दिया। 17 दिसंबर को सुबह इस सीजन का 12वां सत्र आयोजित किया गया था। इसके बाद पांच दिन लगातार बादल छाए रहने की वजह से बर्फ पूरी तरह पिघल चुकी थी। बुधवार को दिन और रात को मौसम साफ रहने के बाद रिंक में बर्फ की परत दोबारा जम गई जिसकी वजह से वीरवार सुबह का सत्र आयोजित किया गया। हालांकि वीरवार को दिन में बादल छाए रहने से शाम का सत्र नहीं हो पाया। इसकी वजह से शुक्रवार सुबह होने वाले सत्र पर भी संशय बना हुआ है। अभी तक आइस स्केटिंग रिंक में 13 सत्र आयोजित किया जा चुके हैं।
विज्ञापन
बीते सीजन में आइस स्केटिंग रिंक में महज 36 सत्र ही आयोजित किए गए थे। इस गिरावट का प्रमुख कारण शिमला का मौसम रहा था जो अपेक्षाकृत गर्म रहा और बर्फबारी भी कम हुई। इस वर्ष ज्यादा ठंड पड़ने और रिंक में बर्फ की परत भी जल्दी जमने उम्मीद जताई जा रही है कि इस सीजन में ज्यादा सत्र होंगे। रिंक प्रबंधन ने बताया कि आने वाले दिनों में सत्रों की संख्या मौसम पर निर्भर करेगी। तापमान में और गिरावट आने पर रिंक लंबे समय तक जम सकेगा जिससे नियमित सेशन सत्र होंगे।
जनवरी के दूसरे हफ्ते में होगा कार्निवल
आइस स्केटिंग क्लब के सहायक सचिव पंकज प्रभाकर ने बताया कि मौसम खराब रहने से 25 दिसंबर के बाद आयोजित होने वाला कार्निवल स्थगित हो गया है। अब यह जनवरी के दूसरे हफ्ते में होगा। वहीं जनवरी महीने में ही जिमखाना भी होगा। इसमें बच्चों की दौड़, फिगर स्केटिंग, मार्शल टीटो हॉकी के मैच होंगे।