नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति ने किया पुरस्कृत
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। एसजेवीएन लिमिटेड की अध्यक्षता में गठित नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास) शिमला का वार्षिक राजभाषा पुरस्कार वितरण समारोह और छमाही बैठक का आयोजन सोमवार को एसजेवीएन के शिमला परिसर में हुआ।
एसजेवीएन, एलआईसी और पीएनबी को पहला पुरस्कार देकर नवाजा गया। एसजेवीएन के कार्यकारी निदेशक (मानव संसाधन) चंद्रशेखर यादव सहित केंद्र सरकार के संयुक्त निदेशक (कार्यान्वयन) कुमार पाल शर्मा और आशीष पंत ने पुरस्कार दिए। कार्यालयों की संख्या के आधार पर पुरस्कारों को तीन श्रेणियों, सरकारी कार्यालय एवं वित्तीय संस्थान, सार्वजनिक उपक्रम और बैंक श्रेणी में विभाजित किया गया।
प्रत्येक श्रेणी में प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं दो प्रोत्साहन पुरस्कार सुनिश्चित किए हैं। प्रथम पुरस्कार एसजेवीएन लिमिटेड, भारतीय जीवन बीमा निगम तथा पंजाब नेशनल बैंक को प्रदान किया गया। द्वितीय पुरस्कार आरईसी, हिमालयन वन अनुसंधान संस्थान तथा सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया को मिला। इंडियन ऑयल कार्पोरेशन लिमिटेड (इंडेन), क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त कार्यालय तथा यूको बैंक को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। इंडियन ऑयल कारपोरेशन लिमिटेड, खुदरा मंडल, मुख्य महाप्रबंधक, दूरसंचार, परिमंडल, न्यू इंडिया इंश्योरेंस कंपनी, केंद्रीय लोक निर्माण विभाग, भारतीय रिजर्व बैंक और यूनियन बैंक को प्रोत्साहन पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर चंद्र शेखर यादव ने एसजेवीएन द्वारा राजभाषा गृह पत्रिका हिम संवाद के चतुर्थ अंक का विमोचन भी किया।