स्कूल के 12 विद्यार्थियों ने दी थी छात्रवृत्ति परीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी के ब्योलिया स्कूल के छह छात्रों को नेशनल मीन कम मैरिट (एनएमएमएस) छात्रवृति मिलेगी। परीक्षा में स्कूल के छह छात्रों ने सफलता हासिल की है। इन छह छात्रों को चार साल के दौरान 48 हजार रुपये की स्कॉलरशिप मिलेगी। हर छात्र को मासिक एक हजार रुपये छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
स्कूल प्रबंधन के अनुसार प्रदेश स्तर की छात्रवृति परीक्षा में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ब्योलिया के 6 विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। चयनित विद्यार्थियों में साहिल, आदित्य, आर्यन, ईशान नेगी, साहित्य शर्मा और वरुण शामिल हैं। प्रधानाचार्य निशा शर्मा ने इसे सामूहिक प्रयास का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि स्कूल के अध्यापकों के प्रयास और बच्चों की मेहनत से यह संभव हो पाया है। इस परीक्षा में जिले से अनुसूचित जनजाति के 7 बच्चे चयनित हुए हैं। इनमें से 6 विद्यार्थी अकेले ब्योलिया स्कूल के हैं। स्कूल के 12 विद्यार्थियों ने इसकी परीक्षा दी थी। प्रिंसिपल ने कहा कि स्कूल को उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा निशा भलूनी ने गोद लिया है। इनका निरंतर मार्गदर्शन मिलता रहता है। इसके साथ ही स्कूल के शिक्षकों अनुराधा, सत्येंद्र, ममता, गुलशन ने भी सहयोग किया है। विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सुशील कुमार ने कहा कि अभिभावकों और स्थानीय लोगों में इससे खुशी है।