जिला परिषद के बसंतपुर विकास खंड के करयाली वार्ड में
चुनाव रोचक दौर में पहुंच गया है। चुनावी अखाड़े में छह प्रत्याशी किस्मत
अजमा रहे हैं। नौ पंचायतों में घूम-घूम कर अपने पक्ष में वोट देने की
अपीलें हो रही हैं। दूसरे वार्डों की अपेक्षा यहां कम प्रत्याशी हैं।
लिहाजा मुकाबला रोचक है। वोट मांगते समय एक दूसरे के साथ प्रत्याशियों
का आमना-सामना भी हो रहा है।
प्रत्याशी एक-दूसरे से वोट एंड स्पोर्ट की
अपील कहकर अपने-अपने रास्ते निकल रहे हैं। मतदान की तारीख नजदीक होने से
प्रत्याशियों के दिलों की धड़कने भी तेज हो रही हैं। नौ पंचायतों में घर-घर
तक पहुंचना आसान नहीं। बसंतपुर विकास खंड के करयाली जिला परिषद वार्ड
में छह उम्मीदवारों के बीच रोचक मुकाबला बना हुआ है। लंबे अंतराल के बाद इस
बार वार्ड की सीट ओपन हुई है।
इन छह उम्मीदवारों में प्रेमलाल, देवराज,
रति राम शांडिल, लेखराम कौंडल, रमेश शर्मा और गिरधारी लाल मौजूद है।
विस्तृत क्षेत्र के बावजूद सारे प्रत्याशी गांव गांव पहुंचकर घर-घर जाकर
अपने लिए जनता से वोट की अपील कर रहे हैं। भले ही करयाली वार्ड में
सिर्फ नौ पंचायतें हैं लेकिन इस वार्ड का एरिया मशोबरा विकास खंड के सटी
पंचायतों से शुरू होकर ठियोग विधानसभा क्षेत्र के साथ लगती पंचायतें
धरोगड़ा और बाग पंचायतों तक फैला है।
सारे उम्मीदवार ज्यादातर पैदल चलकर
और जहां हो सके गाड़ियों में मतदाताओं तक पहुंच कर कम से कम एक बार हाथ
जोड़कर अपील करने पहुंच रहे हैं। सभी प्रत्याशी अपनी-अपनी जीत का दावा कर
रहे हैं। भाजपा की ओर से समर्थित प्रत्याशी के खिलाफ भी भाजपा के ही एक
कार्यकर्ता ने ताल ठोंक रखी हैं तो दूसरी ओर कांग्रेस से जुड़े दो
कार्यकर्ता एक दूसरे के खिलाफ चुनावी मैदान में डटे हैं। कुल मिलाकर
मुकाबला रोचक मोड़ पर है और प्रत्याशियों की किस्मत की चाबी मतदाताओं के
हाथ में हैं। जीत का सेहरा किसके सिर पर सजेगा यह भविष्य के गर्भ है। अब सब
को चुनाव का इंतजार है।
करयाली वार्ड में हैं ये नौ पंचायतें
करयाली वार्ड के तहत नौ पंचायतों में मझिवड़, खटनोल, देवला, बाग, धरोगड़ा, करयाली, डुमैहर, ओगली और हिमरी के करीब 11500 के करीब मतदाताओं के हाथों में इन सारे प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होना है।