लड़की ने छत पर लगी पंखे की कुंडी से फंदा लगा लिया था। परिजनों ने तुरंत उसे नीचे उतारा और अस्पताल ले गए लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के शिलाई में 17 साल की किशोरी ने किराये के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक पुलिस को अस्पताल से सूचना मिली कि 17 साल की लड़की गांव ढिमाना(शिलाई) ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। उसे अस्पताल में मृत हालत में लाया गया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों के बयान कलमबद्ध किए। मृतक लड़की के मामा ने पुलिस को बताया कि वह गैस एजेंसी शिलाई में काम करता है।
विज्ञापन
भांजी यहां एक किराये के कमरे में रहती थी। जब वह छह बजे ड्यूटी से घर आ रहा था तो अचानक उसकी पत्नी का फोन आया। उसने बताया कि लड़की अपने कमरे का दरवाजा नहीं खोल रही है। उन्होंने मकान मालिक की मदद से दरवाजा तोड़ा। जब उन्होंने दरवाजा खोला तो देखा कि लड़की ने छत पर लगी पंखे की कुंडी से फंदा लगा लिया था। परिजनों ने तुरंत उसे नीचे उतारा और अस्पताल ले गए लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने सीआरपीसी की धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। डीएसपी वीर बहादुर ने मामले की पुष्टि की है।