हिमाचल प्रदेश के डिग्री कॉलेजों में पढ़ने वाले फर्स्ट और सेकेंड ईयर के करीब 96 हजार विद्यार्थी प्रमोट होंगे। बुधवार को यह फैसला हिमाचल मंत्रिमंडल की बैठक में हुआ। जुलाई के आखिरी सप्ताह से कॉलेजों में दाखिले शुरू होंगे। 16 अगस्त से कॉलेजों में नया शैक्षणिक सत्र शुरू होगा। तीसरी, पांचवीं और आठवीं कक्षा की परीक्षाएं करवाने का भी निर्णय हुआ।
सरकार ने स्कूल शिक्षा बोर्ड को इन तीनों कक्षाओं के लिए प्रश्नपत्र तैयार करने का काम सौंपा है। आगामी आदेशों तक विद्यार्थियों के लिए स्कूलों को बंद रखने का भी फैसला हुआ है। स्कूलों में ऑनलाइन पढ़ाई जारी रहेगी। हालांकि, यह तय नहीं हुआ कि कॉलेजों में 16 अगस्त से कक्षाएं ऑनलाइन होंगी या ऑफलाइन होंगी। प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र भी 2 से 13 अगस्त के बीच आयोजित करने की सिफारिश भेजने का निर्णय लिया गया।
बुधवार को राज्य अतिथि गृह पीटरहॉफ शिमला में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में सुबह साढे़ दस बजे शुरू हुई प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक दोपहर बाद तक चली।मंत्रिमंडल ने शिक्षकों और गैर-शिक्षक कर्मचारियों के टीकाकरण की प्रगति की सराहना की।
बैठक में जानकारी दी गई कि 30 जून 2021 तक 90 प्रतिशत शिक्षकों और गैर-शिक्षक कर्मचारियों का टीकाकरण कर लिया गया है। महाविद्यालयों के लगभग 25 हजार विद्यार्थियों का टीकाकरण 28 व 29 जून 2021 को किया गया। यह भी जानकारी दी गई कि 30 जून 2021 तक महाविद्यलयों के अंतिम वर्ष के लगभग 80 प्रतिशत विद्यार्थियों का टीकाकरण किया जा चुका है।