अंतर्राष्ट्रीय दशहरा उत्सव की छठी सांस्कृतिक संध्या बॉलीवुड के पार्श्व गायक सोनू निगम के नाम रही। उन्होंने एक से बढ़कर एक हिंदी फिल्मी गीतों को पेश कर समा बांधा। स्टार कलाकार सोनू निगम ने दर्शकों को खूब नचाया। लोक गायक नरेंद्र ठाकुर ने एक से बढ़कर एक गीत पेश कर धमाल मचाया। सांस्कृतिक संध्या में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान विदेशी दल मलयेशिया, श्रीलंका के कलाकारों ने रविवार को भी बेहतरीन प्रस्तुतियां दी। गुजरात के दल ने शानदार प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोहा।
इससे पहले सांस्कृतिक संध्या की शुरूआत कुल्लवी नाटी से हुई। सांस्कृतिक कार्यक्रम में मंडी के भोला राम, आनी के एनएल चौहान, जोगिंद्र कुमार, कुल्लू से शबनम भारद्वाज, जिया के योग राज, बड़ीशिल्ल के शीतल म्यूजिकल ग्रुप, आनी की उर्मिला, झीड़ी की श्रेया, नाग म्यूजिकल ग्रुप, रायसन के स्टार म्यूजिकल ग्रुप, भेखली की गुड्डी ठाकुर, नगवाईं की कृष्णा ठाकुर, थलौट के मान सिंह, सरवरी की बबीता शर्मा ने गीतों की प्रस्तुति दी।
आनी के पंकज, नग्गर के टिकम, नग्गर के दिनेश कुमार, शांति लता, पुलिस से मनोज, सैंज के पीर सिंह, हुरला के मनीष, बिलासपुर के ललित गर्ग, हमीरपुर के शिवा म्यूजिकल ग्रुप, पुष्पिंद्र ठाकुर एंड पार्टी, नग्गर के सूरज, कुल्लू की चंपा कुमारी, कुल्लू के प्रणव शर्मा, ब्यासर के त्रिदेव म्यूजिकल ग्रुप की प्रस्तुतियों को भी दर्शकों ने सराहा। लाहौल-स्पीति स्टूडेंट एसोसिएशन कुल्लू, रजनीश ठाकुर और लोक कलाकार अनिल शर्मा ने शानदार प्रस्तुति दी। बालीचौकी की चिंता देवी, रादंल वाद्य यंत्र समूह ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरी। मंडी जिले के कलाकारों और उझी रा खापरा नाम से मशहूर गोपाल शर्मा ने अपनी कॉमेडी व गीतों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। इस दौरान वन एवं युवा सेवाएं खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, एडीएम अक्षय सूद, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह आदि मौजूद रहे।
बालीवुड गायक सोनू निगम ने कहा कि उनकी परिवारिक पृष्ठभूमि पहाड़ी है और इसलिए पहाड़ उनके डीएनए में हैं। कुल्लू के अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव में भाग लेने आए सोनू निगम ने कहा कि वह पहाड़ी को पसंद करते हैं और पहाड़ों से उनको बहुत लगाव है। यही कारण है कि अगर हिमाचल में फिल्में बनती हैं तो वह उनमें गाना गाना चाहते हैं। सोनू निगम कुल्लू में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। कहा कि हिमाचल से उनके लगाव के कारण ही वह पिछले चार पांच दिन से हिमाचल के विभिन्न स्थानों और मंदिरों में घूमकर आशीर्वाद ले रहे हैं।
कहा कि यहां के लोग बहुत मिलनसार और बड़े दिल के हैं। जहां भी मैं गया मुझे पूरा मान सम्मान और प्यार दिया है। नशे पर पूछे गए सवाल पर कहा कि जिसने जो करना है वो करेगा, मेरा ध्यान केवल गायकी पर ही है। इस मौके पर उन्होंने मोहित चौहान को याद करते हुए कहा कि वह बालीवुड में सीनियर गायक हैं। वहीं उन्होंने कहा कि हिमाचल के नए नए युवा भी बालीवुड में नाम कमा रहे हैं। कहा कि जब मैं पहले जिंगल बनाता था तो सभी भाषाओं में बनाए लेकिन पहाड़ी में नहीं। अगर मौका मिलता है तो पहाड़ी गाना जरूर गाएंगे। बता दें कि सोनू निगम दूसरी बार कुल्लू दशहरा में अपना कार्यक्रम दे रहे हैं।