केंद्रीय स्वच्छता सर्वेक्षण से पहले चलेगा सफाई अभियान
विज्ञापन
रिफ्रेशमेंट के लिए पांच हजार तक की मदद देगा निगम, दीवारों पर होगी चित्रकला अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। केंद्रीय स्वच्छता सर्वेक्षण से पहले राजधानी शिमला के सभी वार्डाें में सफाई अभियान चलेंगे। इन अभियानों में हिस्सा लेने के लिए नगर निगम आम जनता को प्रोत्साहित भी करेगा। इसके लिए पांच हजार रुपये तक का बजट भी जारी किया जाएगा ताकि पार्षद इससे रिफ्रेशमेंट आदि खरीद सकें। नगर निगम केंद्रीय टीम के शिमला दौरे से पहले शहर की दीवारों पर चित्रकारी भी करने जा रहा है। जल्द ही इसका काम शुरू किया जाएगा। शहर के सार्वजनिक स्थानों की सफाई के अलावा शौचालयों की व्यवस्था भी सुधारी जा रही है। इसके लिए अफसरों को रोजाना फील्ड में उतरकर सफाई व्यवस्था जांचने के निर्देश दिए हैं। वार्डाें में पार्षदों की अगुवाई में न सिर्फ सफाई अभियान चलेंगे बल्कि आम जनता को बेहतर फीडबैक देने के लिए भी जागरूक किया जाएगा। महापौर सुरेंद्र चौहान ने कहा कि शहर को स्वच्छ बनाने के लिए काम किया जा रहा है। स्वच्छता सर्वेक्षण में इस बार शिमला शहर बेहतर प्रदर्शन करे, इसके लिए प्रयासों में कोई कमी नहीं रहेगी। जनता को क्यूआर कोड के जरिये फीडबैक देने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है।
पोर्टल पर कम दिख रहा फीडबैक शहर में आम जनता सफाई को लेकर नगर निगम के क्यूआर कोड पर फीडबैक दे रही है लेकिन स्वच्छता पोर्टल पर इसका आंकड़ा बेहद कम दिखाई दे रहा है। इसे लेकर आयुक्त भूपेंद्र अत्री ने दिल्ली में केंद्रीय मंत्रालय के अधिकारियों से भी बात की है। महापौर सुरेंद्र चौहान ने कहा कि शहर की जनता की दिया फीडबैक पोर्टल पर स्पष्ट नहीं दिख रहा। इसका आंकड़ा ज्यादा है जबकि पोर्टल इसे कम दिखा रहा है।