फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शिमला जल संकटः शेड्यूल भी ध्वस्त, लोग कर रहे इंतजार, नहीं आ रहा पानी

Sat, 02 Jun 2018 09:01 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, शिमला
विज्ञापन
विज्ञापन

राजधानी में पानी आवंटन के दावे भी हवा हो रहे हैं। शेड्यूल के मुताबिक लोग पानी का इंतजार कर रहे हैं लेकिन पानी नहीं आ रहा है। कई इलाके ऐसे हैं जहां लगातार दूसरे दिन भी पानी दिया जा रहा है।

विज्ञापन


सरकार की ओर से तय शेड्यूल के अनुसार शुक्रवार को जोन वन के आठ वार्डों में सप्लाई दी जानी थी। देर शाम तक ज्यादातर इलाकों में पानी नहीं आया। 

उधर, लोअर बाजार, सब्जी मंडी, जाखू समेत कई इलाके ऐसे भी थे जहां शेड्यूल न होने के बावजूद दोपहर के समय पानी दिया गया। लोग हैरान थे। यहां वीरवार को भी पानी की सप्लाई मिली थी। 

इन इलाकों में पानी देने का दावा

अचानक पानी आने से कई जगह टंकियां ओवरफ्लो होने लगीं। वहीं, जिन इलाकों में पानी दिया जाना था, वे देर शाम तक पानी आने का इंतजार करते रहे। छोटा शिमला, न्यू शिमला, विकासनगर आदि इलाकों में देर शाम तक पानी नहीं आया। पानी आवंटन पर भी सवाल उठ रहे हैं।

नगर निगम शनिवार को जोन दो के तहत आने वाले 13 वार्डों में पानी की सप्लाई देगा। इसमें भराड़ी, रुल्दुभट्ठा, कैथू, अनाडेल, समरहिल, टूटू, मज्याठ, बालूगंज, कच्चीघाटी, टूटीकंडी, कनलोग, नाभा, फागली और इसके साथ लगते क्षेत्रों में पेयजल सप्लाई दी जाएगी। 

परियोजनाओं से शहर के लिए पानी की सप्लाई में हल्की बढ़ोतरी हुई है। शुक्रवार को 23.55 एमएलडी पंपिंग की सूचना है। शहर को 19.86 एमएलडी पानी मिला है। पंपिंग का काम देख रहे अधिशासी अभियंता राजेश कश्यप ने कहा कि गिरि और गुम्मा से सप्लाई बढ़ाने के प्रयास जारी हैं।

पार्षदों को मिलेंगे टैंकर, वार्डों में दे सकेंगे पानी

शहर में पेयजल आपूर्ति सुचारु करने के लिए उपायुक्त अमित कश्यप ने शुक्रवार को नगर निगम अधिकारियों और पार्षदों की बैठक ली। इसमें पेयजल संकट से निपटने को लेकर पार्षदों से सुझाव लिए गए।

पार्षदों ने शहर में पानी की सप्लाई को लेकर सवाल उठाए। साथ ही टैंकरों से पानी की सप्लाई को लेकर भी बंदरबांट के आरोप लगाए। पार्षदों का कहना था कि कुछेक वार्डों में ही ये टैंकर दिए जा रहे हैं। जाखू की पार्षद अर्चना धवन ने कहा कि उनके वार्ड समेत कई इलाके ऐसे हैं जहां टैंकर नहीं जा सकते।

ऐसे में इन इलाकों में पानी की सप्लाई सुनिश्चित करवाई जाए। पार्षदों के सुझाव के बाद फैसला लिया गया कि सभी पार्षदों को एक-एक टैंकर दिया जाएगा ताकि वे अपने वार्ड में इनसे पानी की सप्लाई सुनिश्चित करवा सकें।

जहां बड़े टैंकर नहीं जा सकते, वहां छोटी गाड़ियां भेजी जाएंगी। कई पार्षद ऐसे भी थे जिन्होंने टैंकर लेने से इंकार कर दिया। अभी तक पार्षद डिप्टी मेयर या निगम कंट्रोल रूम में फोन करके टैंकर बुक करवा रहे थे।

जहां सप्लाई नहीं वहां जाएगा टैंकर : डीसी

उपायुक्त ने पार्षदों के सुझाव के बाद निर्देश दिए कि जिन वार्डों में शेड्यूल के अनुसार पानी की सप्लाई नहीं जा रही, वहां टैंकर से पानी मुहैया करवाया जाए। पार्षद बताएंगे कि उन्हें किस इलाके में टैंकर चाहिए। उपायुक्त ने कहा कि गिरि और गुम्मा से पानी की सप्लाई बढ़ाने के प्रयास जारी है।

अब सामान्य हो रही स्थिति : उपमहापौर
उप महापौर राकेश शर्मा ने कहा कि जोन वाइज शेड्यूल बनने और टैंकर सुविधा मिलने से अब पेयजल संकट कम होने लगा है। कहा कि पार्षद अब खुद डिमांड के अनुसार टैंकर से सप्लाई भेज सकेंगे।
विज्ञापन

लोगों को राहत दे रहे सार्वजनिक नल

 पेयजल संकट के बीच शहर में स्थित सार्वजनिक नल लोगों को राहत दे रहे हैं। जाखू के ड्रीमलैंड, संजौली चौक, ढली, लक्कड़ बाजार, मालरोड, लिफ्ट, सीटीओ, शिवमंदिर मिडल बाजार, रिज

मैदान स्थित नगर निगम के सार्वजनिक नल से लोग पीने लायक पानी भर रहे हैं। इसके अलावा रिज स्थित वाटर एटीएम से भी सैकड़ों लोग पानी भर रहे हैं।

उपायुक्त अमित कश्यप ने शुक्रवार को जल जनित रोगों से बचाव को लेकर बैठक आयोजित की। बैठक में उपायुक्त ने कहा कि विभाग प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में क्लोरीन टेबलेट उपलब्ध करवाए। जिससे कि यह लोगों को मौके पर मिले। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें