रात 8:45 बजे पंजाबी गायक गुरनाम भुल्लर ने मंच संभाला। जैसे ही वह मंच पर आए वैसे ही जमकर मेघ बरसना शुरू हो गए। उन्होंने जिंदगी हसीन, झल्ला जेया मैं तू वी झल्ली, असी तैंनू प्यार नी करदे, इश्क तुर्के आया मेरे बूहे ते, मुंडा करदा कनाडा विच नौकरी, साढ़े शौक किताबा दें, असी गल्ला करदे नी समेत कई गानों से लोगों को नाचने पर मजबूर किया। वहीं शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय ग्रीष्मोत्सव की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में मशहूर पंजाबी गायक जस्सी गिल और बब्बल राय की जोड़ी धमाल मचाएगी। अंतिम सांस्कृतिक संध्या रात 12:00 बजे तक रहेगी। इसके अलावा राजधानी के झांसी पार्क में चल रहे शिमला पहाड़ी स्वाद महोत्सव के परिणाम शुक्रवार को घोषित किए जाएंगे।
इसमें तीन महिला स्टॉल संचालकों को विजेता चुना जाएगा। इसमें महिला स्टॉल संचालकों ने अपने पहाड़ी पकवानों का प्रदर्शन किया। विजेताओं का चयन कई महत्वपूर्ण पैमानों पर आधारित होगा। इनमें जिन स्टॉलों पर पर्यटकों और सैलानियों की ज्यादा भीड़ रही उन्हें प्राथमिकता मिलेगी। स्वच्छता के उच्च मानकों पर खरी उतरने वाली महिलाओं को भी प्राथमिकता मिलेगी। पहले स्थान पर आने वाली महिला को 51,000 रुपये का पुरस्कार मिलेगा।
लोगों को पुलिस ने मारे धक्के
बारिश से बचने के लिए लोग टेंट में जाने का प्रयास करने लगे। इस दौरान पुलिस ने मंच के पास एकत्र लोगों को धक्का दे दिया। इससे बारिश में अचानक अफरा-तफरी जैसा माहौल बन गया। इससे काफी पर्यटकों और लोगों को परेशानी हुई। भीड़ के बीच पुलिस ने दो ही एंट्री पॉइंट रखे थे, बाकी सभी को बंद कर दिया। इससे लोग इधर-उधर भटकते रहे। पुलिस ने केवल स्कैंडल पॉइंट और रानी झांसी की ओर से ही एंट्री रखी। इससे चेकिंग एरिया में लोगों की कतारें लग गई।