राजधानी शिमला में अब युवाओं को वाई-फाई की सुविधा मिलेगी। इससे लोग माल रोड़ पर चलते फिरते इंटरनेट का इस्तेमाल कर पाएंगे।
नगर निगम शिमला ने इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू कर दिया है और इस संदर्भ में कई कंपनियों से बातचीत भी चल रही है। पहले चरण में शहर के चुनिंदा क्षेत्रों को इसमें शामिल किया गया है लेकिन प्रोजेक्ट सिरे चढ़ा तो भविष्य में शहर के उपनगरों में भी लोगों को यह सुविधा मिल पाएगी।
उल्लेखनीय है कि शिमला शहर को केंद्र सरकार नके स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में शामिल किया गया है। इसके तहत शहर में वाई फाई के साथ साथ कई आधुनिक सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी।
इन स्थानों पर मिलेगी सुविधा
पहले चरण में छोटा शिमला, माल रोड और संजौली क्षेत्र को शामिल किया गया है। इसके बाद उपनगरों में भी यह सुविधा मुहैया करवाई जाएगी।
क्या है वाई फाई
वाई-फाई एक वायरलेस टेक्नोलॉजी है। इसका इस्तेमाल इंटरनेट से जुड़ने के लिए किया जाता है। वाई-फाई का पूरा नाम वायरलेस फिडेलिटी है।
यह एक ऐसा नेटवर्क है जो रेडियो सिग्नल को ब्रॉडकास्ट करके उच्च स्पीड का ट्रांसमिशन बनता है जिससे लोग आसानी से इंटरनेट से जुड़ कर अच्छी स्पीड कि साथ इंटरनेट यूज कर सकते हैं। सभी लैपटॉप, टेबलेट, नेटबुक, स्मार्ट फोन में इसकी सुविधा उपलब्ध है।
ऐसे चलता है वाई-फाई
वाई फाई नेटवर्क के लिए एक राउटर की जरूरत पड़ती है जो कि वाई फाई सिग्नल को फैलाकर वाई फाई फैसिलिटी से युक्त डिवाइसों को कनेक्ट करता है। इस समय वाई फाई का प्रयोग एयरपोर्ट, बड़े होटलों ऑफिस सहित कई यूनिवर्सिटी में किया जा रहा है।
वाई-फाई के राऊटर या एक्सेस प्वाइंट से लगाकर हॉट स्पॉट बनाकर कई सारे वाई फाई से लैस उपकरणों को आसानी से जोड़ सकते हैं।
नगर निगम के मेयर संजय चौहान ने कहा कि शिमला शहर में स्मार्ट सिटी के तहत वाई फाई की सुविधा दी जाएगी। इसके लिए स्थान चिन्हित कर दिए गए हैं।