हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के टुटीकंडी वार्ड के लोगों को नगर निगम ने तीन सौगातें दी हैं। महापौर सुरेंद्र चौहान ने मंगलवार को 89 लाख रुपये की लागत से वार्ड में बने शॉपिंग कांप्लेक्स, जिम पार्क और सार्वजनिक शौचालय का उद्घाटन किया। इस मौके पर उप महापौर उमा कौशल भी मौजूद रहीं। नगर निगम के अनुसार टुटीकंडी चौक पर 60 लाख रुपये की लागत से तैयार किए इस कांप्लेक्स में दस दुकानें बनाई गई हैं।
विज्ञापन
इन्हें यहां के तहबाजारियों को पांच हजार रुपये मासिक किराये पर दे दिया है। 13 लाख रुपये की लागत से बने जिम पार्क में लोगों को सुबह व्यायाम की सुविधा मिलेगी। इसमें व्यायाम के लिए कई उपकरण लगाए हैं। 16 लाख रुपये की लागत से सार्वजनिक शौचालय भी शुरू कर दिया है। इस मौके पर स्थानीय लोगों ने टुटीकंडी से टैक्सी चलाने, पुस्तकालय पार्किंग बनाने जैसी मांगें भी महापौर के सामने रखीं। इससे पहले वार्ड पार्षद एवं उप महापौर उमा कौशल ने महापौर का स्वागत किया।