राजधानी में कोरोना संक्रमण के बीच परेशानी झेल रहे शहरवासियों के लिए नगर निगम ने कई राहत भरे फैसले लिए हैं। मेयर सत्या कौंडल की अध्यक्षता में सोमवार को हुई वित्त संविदा एवं योजना समिति की बैठक में कई प्रस्ताव पास किए गए। बैठक में टुटू और शांति विहार वार्ड के लोगों को एंबुलेंस रोड की सुविधा देने का फैसला लिया गया। इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग के लिए नगर निगम शहर में 20 चार्जिंग स्टेशन बनाएगा।
शांति विहार में चितरांटा बावड़ी से फ्रूड गांव तक 26.56 लाख रुपये से एंबुलेंस रोड बनाया जाएगा। टुटू में रेलवे टनल से पंवार निवास तक 23.22 लाख रुपये से एंबुलेंस रोड बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी भी दी गई। हालांकि, इस प्रस्ताव के दौरान पार्षद दिवाकर देव शर्मा ने मज्याठ में बनने वाले एंबुलेंस रोड का मामला भी उठाया। पूछा कि इसके लिए अभी तक बजट प्रस्ताव क्यों नहीं लाया गया। आयुक्त ने अगली बैठक में इस रोड के लिए प्रस्ताव लाने का भरोसा दिया।
समिति ने ढींगूधार पार्किंग के निर्माण के लिए अतिरिक्त पैसा देने को भी मंजूरी दी। पहले पार्किंग पर 1.19 करोड़ खर्च होने थे, लेकिन अब रिटेनिंग वॉल लगने के कारण इस पर 1.50 करोड़ खर्च होंगे। लिफ्ट के पास बन रहे आजीविका भवन के निर्माण के लिए भी अतिरिक्त बजट देने का फैसला लिया गया है। 5.20 करोड़ के इस प्रोजेक्ट पर अब 6.48 करोड़ खर्च होंगे जिसे नगर निगम, अम्रुत, चैलेंज फंड और स्मार्ट सिटी के फंड से दिया जाएगा।
यहां बनेंगे 20 चार्जिंग स्टेशन
इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग के लिए नगर निगम शहर में 20 चार्जिंग स्टेशन बनाएगा। इसमें इलेक्ट्रिक बसें, टैक्सी और लोगों के निजी बिजली संचालित वाहन चार्ज हो सकेंगे। ये स्टेशन सर्कुलर रोड पर स्नो व्यू पार्किंग, रैन बसेरा ऑकलैंड, लांगवुड, लिफ्ट, अमर भवन जाखू, अडा विला अनाडेल, कैथू, चौड़ा मैदान, समरहिल, चक्कर, कच्चीघाटी, ढींगरा इस्टेट, मेट्रोपोल पार्किंग, एसडीए कांप्लेक्स कसुम्पटी, सेक्टर वन न्यू शिमला, एसपीएम संजौली, सेक्टर तीन और फौजी ढाबा न्यू शिमला, आईजीएमसी के नीचे, फौजी शॉप खलीनी में ये स्टेशन बनाए जाएंगे। निगम दो कंपनियों के साथ मिलकर ये स्टेशन लगाएगा। इनसे होने वाली कमाई में निगम को शेयर मिलेगा।
ये फैसले भी देंगे राहत
1. कच्चीघाटी में आरएम शर्मा हाउस से घोड़ाचौकी तक 15 लाख से बनेगा पक्का रास्ता
2. मशोबरा में 12.20 लाख से सड़क पर लगेंगे पेवर्स ब्लॉक, 2018 की बैलेंस शीट को भी मंजूरी
3. ढली में आंगनबाड़ी केंद्र सामुदायिक भवन में होगा शिफ्ट, बालूगंज आंगनबाड़ी को भी शिफ्ट करने को मंजूरी
4. स्मार्ट सिटी के तहत 18 लाख रुपये से वार्डों में लगेंगी नई स्ट्रीट लाइटें
5. ईईएसएल के माध्यम से शहर में पांच सौ नई लाइटें लगाएगा निगम