नगर निगम चुनाव में जीत हासिल करने के लिए भाजपा कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती। पार्टी ने शहर के हर वार्ड में अपने उम्मीवारों के समर्थन में प्रचार करने के लिए विधायकों-सांसदों समेत कई पूर्व नेताओं की फौज मैदान में उतार दी है। ये नेता न सिर्फ अपने उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार करेंगे बल्कि उनकी जीत के लिए रणनीति भी तैयार करेंगे।
पार्टी ने कई महिला नेताओं समेत वर्तमान विधायकों की ड्यूटी भी प्रचार में लगा दी है। इस बारे में पार्टी ने बाकायदा लिस्ट भी जारी की है। भराड़ी वार्ड से पूर्व सांसद सुरेश चंदेल, रुल्दूभट्ठा वार्ड से किसान मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष बलवीर भंडारी, कैथू से
राजेंद्र कुमार गर्ग, अनाडेल वार्ड में विधायक महेंद्र सिंह ठाकुर, प्रदेश सचिव पायल वैद्य प्रचार का मोर्चा संभालेंगे। वहीं, समरहिल वार्ड में त्रिलोक कपूर, संजीव राणा, टुटू वार्ड में पूर्व विधायक बलदेव शर्मा, मझाठ से पूर्व विधायक विनोद चंदेल, श्रीकांत शर्मा, बालूूगंज वार्ड से विधायक विनोद कुमार अपने प्रत्याशियों के पक्ष में पसीना बहाएंगे।
नए वार्ड कच्चीघाटी से विधायक राजीव सहजल और वीना ठाकुर, टूटीकंडी से विधायक केएल ठाकुर, नाभा वार्ड से विधायक गोबिंद शर्मा, फागली में पूर्व विधायक राकेश पठानिया भाजपा प्रत्याशियों की जीत के लिए दम लगाएंगे। कृष्णानगर वार्ड में विधायक हसंराज, रामबाजार से विधायक रविंद्र सिंह रवि, लोअर बाजार से विधायक मनोहर धीमान, जाखू से विधायक
विक्रम ठाकुर, बैनमोर से प्रदेशाध्यक्ष माहिला मोर्चा इंदु गोस्वामी और कमल शर्मा प्रचार का जिम्मा संभालेंगे। इंजनघर वार्ड से बलदेव रांटा, संजौली चौक से विधायक नरेंद्र ठाकुर, ढली वार्ड से राजेंद्र कुमार, मशोबरा लोअर ढली से पूर्व विधायक
तेजवंत सिंह नेगी, शांति बिहार से प्रदेश उपाध्यक्ष रूपा शर्मा, भट्ठाकुफर वार्ड से प्रदेश प्रवक्ता रितु सेठी, सांगटी से प्रेम सिंह, मल्याणा वार्ड विधायक बलदेव तोमर, पंथाघाटी से प्रदेश महामंत्री कृपाल परमार, कसुम्पटी वार्ड से विधायक रिखी राम
कौंडल, घनश्याम शर्मा, छोटा शिमला से विधायक अनिल धीमान, विकासनगर से पूर्व विधायक राधा रमण शास्त्री, विधायक सुरेश कश्यप, कगनाधार वार्ड से विधायक वीरेंद्र कंवर, शकुंतला, पटयोग से कार्य समिति सदस्य रामकुमार, न्यू शिमला से
पूर्व विधायक खुशीराम बाल्नाटाह और ह्दयराम, खलीणी में विधायक विक्रम जरियाल, शीला देवी, कनलोग से राकेश वर्मा भाजपा उम्मीदवारों की जीत के लिए जोर लगाएंगे।
पानी-पार्किंग के मुद्दे पर चुप हो गए पार्षद
मल्याणा, सांगटी, शांति बिहार और भट्ठाकुफर। शिमला शहर के ये चारों वार्ड ऐसे हैं, जहां पिछले पांच साल में कई नए काम हुए। मगर जनता की कई समस्याएं आज भी ज्यों की त्यों हैं। पेयजल किल्लत हो या फिर पार्किंग की कमी। पार्षद इन समस्याओं को दूर करने में नाकाम रहे हैं।
अमर उजाला की टीम शुक्रवार को पब्लिक की अदालत कार्यक्रम के लिए इन वार्डों में पहुंची। तय कार्यक्रम के अनुसार दोनों ही पार्षद जनता के सवालों के जवाब देने को तैयार थे। मगर हैरानी की बात ये थी कि न तो भाजपा के उम्मीदवार सवाल पूछने पहुंचे और न ही माकपा का कोई दावेदार।
ऐन मौके पर सभी ने किनारा कर लिया। पब्लिक कहने लगी कि दोनों ही पार्टियां चुनाव प्रचार में तो पार्षद की नाकामियां तो गिना रही हैं मगर जब जनता के बीच पार्षद से सवाल पूछने और पांच साल के काम का हिसाब मांगने की बात आई तो सभी मुंह छिपा लेते हैं।
ऐसे में पब्लिक ने खुद ही मोर्चा संभाल लिया और पार्षदों से उनके काम का हिसाब मांगा। मल्याणा वार्ड में लोगों ने पूछा कि पूरे बाजार न तो शौचालय है न रेन शेल्टर। पानी की समस्या भी नहीं सुलझी।
वहीं, भट्ठाकुफर वार्ड में भी लोगों ने एचआरटीसी बस और टैक्सी सेवा न होने का कारण पूछा। साथ ही कई इलाकों में कच्ची सड़कों और पेयजल किल्लत का मामला भी उठाया। बाद में दोनों ही पार्षदों ने जनता के सवालों के जवाब दिए।
पब्लिक की अदालत : मल्याणा-सांगटी
वार्ड की समस्याएं
सार्वजनिक शौचालय नहीं, पर्याप्त पार्किंग, पीने के पानी की नियमित सप्लाई नहीं। कई क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट की सुविधा नहीं। रेन शेल्टर भी नहीं हैं।
पार्षद कुलदीप ठाकुर ने दिए पब्लिक के सवालों के जवाब
सवाल : वीरेंद्र चौहान ने पूछा, बीते पांच साल के दौरान वार्ड में सार्वजनिक शौचालय और रेन शेल्टर क्यों नहीं बनाए गए?
जवाब : नेशनल हाइवे से मंजूरी नहीं मिलने के चलते यह दोनों प्रोजेक्ट लटके हुए हैं। अब स्थानीय लोगों से उनकी निजी जमीन लेकर दोनों काम पूरे करने को लेकर बातचीत चल रही है। बातचीत सकारात्मक है। उम्मीद है कि सार्वजनिक शौचालय और रेन शेल्टर बनाने को जल्द ही भूमि मिल जाएगी।
सवाल : निशा वर्मा, रंजना वर्मा ने कहा, वार्ड में सीवरेज कनेक्टिविटी नहीं है। सांगटी में एंबुलेंस रोड नहीं बन सका है।
जवाब : सांगटी वार्ड के 90 फीसदी से अधिक क्षेत्रों में सीवरेज की कनेक्टिविटी है। नेशनल हाइवे पांच से सांगटी तक एंबुलेंस रोड बनाने को 24 लाख रुपये का एस्टीमेट तैयार है।
सवाल : सत्यवान पुंडीर ने कहा, बीते पांच साल में पार्किंग की समस्या को दूर क्यों नहीं किया गया?
जवाब : न्यू फ्लावर डेल क्षेत्र में अमृत प्रोजेक्ट के तहत 24 लाख से पार्किंग बनाने का प्रस्ताव तैयार है। जल्द ही कार्य शुरू होगा। भूमि की उपलब्धता नहीं होने के चलते पार्किंग बनाने में दिक्कते आ रही हैं।
सवाल : संदीप वर्मा ने पूछा, मल्याणा से बखराई तक पैदल चलने योग्य मार्ग को क्यों नहीं बनाया गया?
जवाब : पूर्व पार्षद मीरा शर्मा ने अपने कार्यकाल के दौरान साढ़े चार लाख रुपये का एस्टीमेट तैयार किया था। निजी भूमि बीच में आने के चलते एनओसी नहीं मिली। मैने भी इस कार्य के लिए नए सिरे से प्रस्ताव तैयार किया है लेकिन निजी भूमि मालिकों की सहमति नहीं मिलने से काम पूरा नहीं हो पा रहा है।
सवाल : सचिन सूद ने कहा, मल्याणा बाजार में कई जगह कूड़ा खुले में फेंका जा रहा है। इस कारण बीमारियां फैलने का डर बना हुआ है। इसके लिए पार्षद ने क्या किया?
जवाब : शिकायतें मिली थी कि डोर टू डोर गारबेज एकत्र करने वाले कर्मी भी डंपरों में कूड़ा फेंक रहे हैं। इस कारण बाजार से डंपर को हटाया गया। वार्ड के साथ ही पंचायत एरिया भी लगता है। पंचायत में कूड़ा एकत्र करने की योजना नहीं है। इस कारण गाहे बगाहे बाजार में कूड़ा फेंका जा रहा है। इस समस्या को दूर करने के लिए पंचायत प्रतिनिधियों से बात की गई है। पंचायत में भी कूड़ा एकत्र करने को वर्कर नियुक्त किए जाएंगे।
भट्ठाकुफर/शांति विहार वार्ड
समस्याएं
पानी की नियमित सप्लाई नहीं, कई घरों में सीवरेज कनेक्टीविटी न होना, पार्किंग की कमी, समिट्री टनल से नेरीधार सड़क की अधूरी टारिंग।
सवाल: प्रतिभा बाली ने पूछा- पार्षद ने अपने एरिया में ही काम करवाए। बाकी एरिया को इग्नोर किया। शांति विहार के लिए कोई काम नहीं किया।
पार्षद: पांच करोड़ से ज्यादा काम वार्ड में हुए। एक करोड़ के रास्ते, 50 लाख की स्ट्रीट लाइटें, 1 करोड़ की सीवरेज लाइन बिछाई। तीन टॉयलेट, रेन शेल्टर बनवाए। प्रत्याशी झूठ बोल रहे हैं। दम होता तो सामने आकर सवाल पूछते।
सवाल: देवकली ने कहा नालों का चैनलाइजेशन नहीं हुआ। यहां तक की पार्किंग भी नहीं बनवाई। आखिर कहां ये योजनाएं अटक गई।
पार्षद: एक नाले को छोड़ बाकी का काम शुरू हो चुका है। अमृत के तहत इसका भी टेंडर हो चुका है। वार्ड में ज्यादातर सरकारी जमीन है। खुद सीएम ने पार्किंग के लिए जमीन मांगी थी। मगर पीडब्ल्यूडी ने एनओसी नहीं दी।
सवाल: तनुजा थापटा, पवन ने पूछा कई इलाकों में पेयजल किल्लत है। कहीं ज्यादा तो कहीं कम पानी मिलता है। इसके पीछे क्या वजह रही।
पार्षद: 25 लाख से टनल-नेरीधार तक 3 इंच पानी की पाइप बिछाई है। अब इसे बाई रोड बिछाएंगे ताकि लोगों को ज्यादा और बराबर पानी मिले। गाहन के लिए भी 25 लाख की पानी की लाइन बिछाई है।
सवाल: भाजपा ने पूछा लोअर समिट्री रोड क्यों नहीं बनवाया? कई रोड अभी भी कच्चे हैं। सभी घर सीवरेज कनेक्शन से भी नहीं जुड़ पाए हैं? क्यों?
पार्षद: ये सरासर झूठ है कि रोड नहीं बनाया। मौके पर जाकर देखें वहां रोड का काम भी चल रहा है। समिट्री टनल-नेरीधार सड़क की टारिंग का काम 60 फीसदी तक पूरा भी हो चुका है। मिडल समिट्री तक रोड सुविधा शुरू भी हो चुकी है। सीवरेज कनेक्शन के लिए 1 करोड़ से काम पूरे करवाए हैं।
सवाल: एडी शर्मा ने कहा कि भट्ठाकुफर से संजौली तक सरकारी बसें और टैक्सियों की सुविधा होनी चाहिए।
पार्षद: इस पर मेरा भरोसा दिलाता हूं कि अगले पांच साल में मेरी पूरी कोशिश रहेगी कि ये समस्या भी दूर कर दूं। वार्ड में काम हुए हैं तभी तो भाजपा या माकपा सामने आकर सवाल तक नहीं कर पाते। काम किया है और आगे भी मैं काम करता रहूंगा।
जनता हैरान, सवाल पूछने भाजपा न माकपा आई
मल्याणा, सांगटी, शांति बिहार और भट्ठाकुफर वार्ड के लोगों की समस्याएं उठाने के दावे करने वाले भाजपा और माकपा के उम्मीदवार पार्षद से सवाल करने तक नहीं पहुंचे। जनता हैरान थी। जो उम्मीदवार पार्षद के काम न करने के दावे करते फिरते हैं, जनता के सामने उन्हें जब पार्षद से सीधे सवाल करने का मौका मिला तो वे गायब रहे।
इन चारों वार्ड के भाजपा और माकपा उम्मीदवारों ने पहले तो अमर उजाला की पब्लिक की अदालत कार्यक्रम में आने को हामी भरी। मगर ऐन मौके पर किनारा कर लिया। ऐसे में जनता ने खुद मोर्चा संभाला और पार्षदों से सवाल किए। वहीं, दोनों ही पार्षदों ने सवालों के जवाब दिए।