राजधानी शिमला के मालरोड पर रविवार से रमेश सिप्पी इंटरप्राइजेज के बैनर तले बन रही फिल्म ‘शिमला मिर्ची’ की शूटिंग शुरू हुई। निर्माता निर्देशक रमेश सिप्पी की अगुवाई में शूटिंग क्रू के सदस्य सुबह आठ बजे मालरोड पहुंचे।
इस दौरान फिल्म के अभिनेता राजकुमार राव और अभिनेत्री राकुल प्रीत सिंह पर मालरोड, स्कैंडल प्वाइंट और रिज मैदान पर शॉट फिल्माए गए।
लोकल कोआर्डिनेटर मनु सूद ने बताया कि शूटिंग के पहले दिन रमेश सिप्पी ने क्रू के सदस्यों को निर्देश दिए कि शूटिंग के कारण शिमला के स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की परेशानी पेश नहीं आनी चाहिए।
विशेष तौर पर शूटिंग के कारण एंबुलेंस एक मिनट के लिए भी नहीं रुकनी चाहिए। शूटिंग के दौरान निर्माता निर्देशक रमेश सिप्पी के साथ उनकी पत्नी किरण जुनेजा और बेटे रोहन सिप्पी भी मौजूद रहे।
इस दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए डीएसपी ट्रैफिक दिनेश शर्मा भी पुलिस जवानों के साथ शूटिंग स्थल पर मौजूद रहे।