12 बजे के बाद शुरू हुआ लिफ्ट का संचालन
जनरेटर की मदद से चलाई लिफ्ट, बार बार आती रही दिक्कत
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। सर्र्कुलर रोड को मालरोड से जोड़ने वाली पर्यटन विकास निगम की लिफ्ट मंगलवार दोपहर करीब बारह बजे तक बंद रही। लिफ्ट को विद्युत आपूर्ति करने वाली इलेक्ट्रिक वायर चोरी होने से लिफ्ट का संचालन नहीं हो पाया।
सुबह साढ़े आठ बजे निगम कर्मियों ने जब लिफ्ट को चालू किया तो बार-बार बिजली गूल होने लगी। इलेक्ट्रिीशियन को लिफ्ट पर बुला कर जब जांच की गई तो पता चला की ट्रांसफार्मर की करीब 60 मीटर वायर चोरी हो गई है। इसके बाद जनरेटर की मदद से लिफ्ट चलाने की कोशिश की गई लेकिन बार-बार दिक्कत आती रही। नई इलेक्ट्रिक वायर जोड़ने के बाद दोपहर बारह बजे लिफ्ट सुचारु रूप से शुरू की जा सकी।
लिफ्ट न चलने के कारण स्थानीय लोगों और सैलानियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। लिफ्ट पार्किंग में गाड़ियां पार्क कर लोग लिफ्ट परिसर में पहुंचे लेकिन लिफ्ट बंद होने के कारण पैदल ही मालरोड पहुंचना पड़ा। कुछ लोग आजीविका भवन और शिव मंदिर के बगल में सब्जी मंडी ग्राउंड तक नई सीढ़ियों से पहुंचे तो कुछ ने लिफ्ट पार्किंग के सामने मैट्रोपोल होते मालरोड का रास्ता पकड़ा। बुजुर्गों और बच्चों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। मालरोड जाने के लिए लिफ्ट पहुंचे हरियाणा के महेंद्र सिंह, सुभाष चावला और मोहित ने बताया कि परिवार के साथ घूमने शिमला आए हैं। छोटे बच्चे और बुजुर्ग भी साथ हैं। पैदल नहीं चल सकते। लिफ्ट बंद होने के कारण मालरोड पहुंचना मुश्किल है। मालरोड गाड़ी भी नहीं जाती अब वापस होटल जाना पड़ेगा। मालरोड के कारोबारियों ने बताया कि बिजली नहीं है तो जनरेटर से लिफ्ट चलाई जानी चाहिए। इमरजेंसी के लिए पर्यटन निगम को इंतजाम रखना चाहिए।
पुलिस में दर्ज करवाई शिकायत : नंदलाल
पर्यटन विकास निगम के डिप्टी जनरल मैनेजर नंदलाल शर्मा ने बताया कि सोमवार रात लिफ्ट को बिजली आपूर्ति करने वाली लाइन की इलेक्ट्रिक वायर काट कर चोरी कर ली गई। इस कारण मंगलवार सुबह लिफ्ट का संचालन प्रभावित हुआ है। जनरेटर की मदद से लिफ्ट का संचालन करने का प्रयास किया गया। चोरी की शिकायत पुलिस में दर्ज करवा दी गई है।