पहाड़ों की रानी के नाम से मशहूर शिमला आने वाले सैलानी अब खुली और पारदर्शी ट्रेन में बैठकर खूबसूरत वादियों का दीदार कर सकेंगे। शिमला-कालका हैरिटेज रेलवे ट्रैक पर सैलानियों के लिए एक अनोखा कोच चलाया जा रहा है।
109 साल पुराने स्टीम इंजन के साथ जोड़े जा रहे इस कोच का नाम झरोखा रखा गया है। खास ये है कि इस एयरकंडीशन कोच की बालकनी में बैठकर सैलानी न केवल दिलकश पहाड़ों को निहार सकेंगे बल्कि चलती ट्रेन से ही फोटोग्राफी का लुत्फ भी उठा सकेंगे। रेलवे ने इस कोच के लिए बुकिंग शुरू कर दी है।
शिमला- कैथलीघाट के बीच चलने वाले इस कोच की बुकिंग 25,268 रुपये में शिमला या कालका से की जा सकेगी। इसके अलावा स्टीम इंजन का 76,389 किराया और 4000 रुपये सिक्योरिटी अलग से लगेगी।
शिमला से कैथलीघाट (23 किलोमीटर) का सफर एक घंटा दस मिनट में तय होगा। सफल ट्रायल के बाद इस कोच को पहली बार ट्रैक पर उतारा जा रहा है।