शिमला शहर में हेलीपैड का सपना सच होगा। जिला प्रशासन ने हेलीपैड बनाने का प्रस्ताव तैयार कर संजौली-ढली बाईपास रोड के समीप 15 बीघा सरकारी भूमि का चयन कर लिया है। यहां जिला प्रशासन की ओर से सभी औपचारिकताएं पूरी कर फाइल पर्यटन विकास निगम को सौंप दी है।
इसका निर्माण पर्यटन निगम को करना है। सिटी हेलीपैड तैयार हो जाने के बाद पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और इसका इस्तेमाल व्यवसायिक हवाई सेवा के लिए भी किया जाएगा और यहां से उड़ान भरने और उतरने के लिए संबंधित निजी कंपनियों से जिला प्रशासन फीस वसूल करेगा।
मौजूदा समय में शहर में सबसे नजदीक हेलीपैड अनाडेल और कल्याणी हैं। अनाडेल मैदान सेना के अधीन हैं और कल्याणी हेलीपैड राष्ट्रपति के लिए बनाया गया है। कल्याणी हेलीपैेड में लैंड करने के लिए दिल्ली में राष्ट्रपति भवन से मंजूरी लेनी पड़ती है।
व्यवसायिक उड़ानों के लिए शिमला से जुब्बड़हट्टी के लिए जाना पड़ता है। दिक्कतों को देखते हुए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए थे कि शिमला शहर के नजदीक कोई ऐसी जगह देखों जहां सिटी हेलीपैड बनाया जाए।
जिला प्रशासन ने संजौली - ढली बाईपास रोड के समीप हेलीपैड के लिए जगह देख ली है। इसे शिमला सिटी हेलीपैड का नाम दिया जाएगा। जिला प्रशासन की ओर से सभी आपत्तियां दूर कर प्रस्ताव तैयार कर पर्यटन निगम को सौंप दिया है।
फॉरेस्ट क्लीयरेंस मिलते ही शुरू होगा काम: चौहान
पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक मोहन चौहान ने कहा कि मामला फॉरेस्ट क्लीयरेंस के लिए भेजा गया है, वहां से मंजूरी मिलने के बाद हेलीपैड का काम शुरू कर दिया जाएगा। पर्यटन विकास निगम यह काम करेगा।
जगह कर ली गई है चिन्हित
उपायुक्त शिमला दिनेश मल्होत्रा ने कहा कि सिटी हेलीपैड संजौली-ढली बाईपास रोड के समीप बनाया जा रहा है। जगह का चयन कर लिया गया है। जिला प्रशासन की ओर से सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली है।