जून से जुब्बड़हट्टी (शिमला) एयरपोर्ट से चंडीगढ़ और गगल के लिए हवाई सेवाएं शुरू होने जा रही हैं।
राजधानी शिमला से हवाई मार्ग से चंडीगढ़ और गगल तक जाने वाले लोगों का इंतजार खत्म हो गया है। नौ जून से जुब्बड़हट्टी (शिमला) एयरपोर्ट से चंडीगढ़ और गगल के लिए हवाई सेवाएं शुरू होने जा रही हैं। आईआईसी टेक्नालॉजी लिमिटेड हैदराबाद और हिमाचल हॉलीडेज प्राइवेट लिमिटेड मनाली के सहयोग से हवाई सेवाएं देंगी।
शिमला के अलावा कुल्लू से चंडीगढ़ और गगल से चंडीगढ़ के लिए भी हवाई सेवाएं शुरू हो रही हैं। नौ जून को प्रदेश के शहरी विकास विभाग मंत्री सुधीर शर्मा शिमला में हवाई सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। 15 जुलाई तक फिलहाल हवाई सेवाएं दी जाएंगी।
आगामी शेड्यूल को लेकर बाद में फैसला होगा। हिमाचल हॉलीडेज प्राइवेट लिमिटेड मनाली के निदेशक बुद्धि प्रकाश ठाकुर ने बताया कि नौ जून से चंडीगढ़ से शिमला, कुल्लू और धर्मशाला को हवाई उड़ानें भरी जाएंगी।