राजधानी में एमएलए क्रॉसिंग के पास मंगलवार सुबह एक निजी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। एक बाइक से टक्कर के बाद बस अंनियंत्रित होकर करीब 100 फुट ढलान पर जंगल में पेड़ों से टकराकर रुक गई। हादसे के वक्त बस में चालक, परिचालक सहित करीब 15 यात्री सवार थे। कुछ देर तक यात्रियों की सांसें अटकी रही।
गनीमत रही कि सभी यात्री बाल-बाल बच गए। बाइक सवार रिषभ चौधरी पुत्र राजकुमार, तहसील धर्मशाला जिला कांगड़ा निवासी को गंभीर चोंटें आई हैं। घायल रिषभ हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के विजुअल विभाग में पढ़ाई कर रहा है।
इसका आईजीएमसी से उपचार चल रहा है। पुलिस ने बचाव टीम के साथ बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बहार निकाला। घायल को उपचार के लिए अस्पताल ले गए। जांच के मुताबिक बस, अड्डे से शोघी रूट पर थी।
एमएलए क्रॉसिंग के पास बाइक को बचाने के चक्कर में चालक बस से नियंत्रण खो बैठा। बालूगंज थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य लिए है। एएसपी सुनील नेगी ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
लोगों ने फुटओवर ब्रिज बनाने की उठाई मांग
एमएलए क्रॉसिंग, टूटीकंडी क्रॉसिंग और पुराने बस स्टैंड के पास सड़क हादसे में कई लोगों की मौत हो चुकी है। इसमें पैदल आवाजाही के दौरान अधिकतर मौतें हुई हैं। स्थानीय लोगों ने प्रदेश सरकार से इन स्थानों पर हादसों को रोकने के लिए फुटओवर ब्रिज बनाने की मांग की है। वैशाली, भारती, सुरेंद्र और मोहेंद्र ने बताया कि फुटओवर ब्रिज बनने से मुख्य सड़क से दूसरी तरफ आवाजाही करने में परेशानी नहीं होगी।