आर्ट फेस्टिवल के दूसरे दिन वीरवार को स्कूली बच्चों की पेंटिंग्स देखने के लिए रिज मैदान के दौलत सिंह पार्क में काफी भीड़ जुटी। कलाकारों ने पेंटिंग के जरिये शिमला के रिज मैदान पर बैठे पुड़ी वाले, लाइब्रेरी और चर्च की लाइव फोटो बनाकर सैलानियों को रिझाया।
हिमाचल प्रदेेश विश्वविद्यालय के दृश्य कला विभाग और जिला प्रशासन आर्ट फेस्टिवल का आयोजन करवा रहा है। फेस्टिवल के दौरान पेशेवर कलाकार और स्थानीय स्कूली छात्र अपनी कला का प्रदर्शन कर रहे हैं।
वीरवार को लालपानी स्कूल के छात्र राजेंद्र राक्टा की सोशल मीडिया का प्रयोग और उसके प्रभावों पर बनाई गई पेंटिंग को खूब सराहा गया। शहर के 29 स्कूलों के छठी से बारहवीं कक्षा के 105 छात्र फेस्टिवल में हिस्सा ले रहे हैं।
इनके अलावा दिल्ली, आगरा, राजस्थान, सहारनपुर, नागपुर, अमृतसर, जालंधर और प्रदेश के विभिन्न जिलों के कलाकार भी हिस्सा ले रहे हैं।
फेस्टिवल में हिस्सा ले रहे सुरेंद्र कुमार, कमल कनोजिया, डॉ. कामेश्वर शर्मा और बलविंदर कुमार ने कहा है कि इस फेस्टिवल में कलाकारों को अपने हुनर को दिखाने का मौका मिला है।
कलाकारों की पेंटिंग की 30 मई को गेयटी थियेटर में प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। ललित कला अकादमी के चेयरमैन केके चक्रवर्ती बतौर मुख्य अतिथि प्रदर्शनी में शिरकत करेंगे। स्कूली बच्चों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार समर फेस्टिवल के दौरान दिए जाएंगे।