जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के शांशा गांव का रहने वाला 7 साल का शेरिक जल्द सिल्वर स्क्रीन पर अपने अभिनय का जलवा बिखेरता नजर आएगा।
निर्माता-निर्देशक महेश भट्ट बुद्धिस्ट थीम पर 'सिद्धार्थ' फिल्म बना रहे हैं।
फिल्म की शूटिंग मनाली और आसपास के गांवों में चल रही है।
एक्ट्रेस शाहजीन पदमसी के नन्हें दोस्त की भूमिका निभाएंगे शेरिक
फिल्म में नन्हें लामा के किरदार के लिए करीब 50 बच्चों का ऑडिशन लिया गया, जिसमें शेरिक को चुना गया। सिद्धार्थ फिल्म के स्थानीय कोआर्डिनेटर मनोज मल्होत्रा के मुताबिक फिल्म में महेश भट्ट खुद भी बौद्ध धर्मगुरु का किरदार निभा रहे हैं।
शेरिक को एक बौद्ध भिक्षु का रोल दिया है जो एक्ट्रेस शाहजीन पदमसी के नन्हें दोस्त की भूमिका में नजर आएंगे। मल्होत्रा ने बताया कि कुल्लू-मनाली में अभी फिल्म की शूटिंग करीब एक सप्ताह और चलेगी।
बेटे की इस कामयाबी पर शेरिक की मां सुनीता बेहद खुश हैं।
उन्होंने बताया कि लाहौल-स्पीति जैसे जनजातीय और दुर्गम इलाके के बच्चे को महेश भट्ट जैसे दिग्गज फिल्म मेकर के साथ काम मिलना अपने आप में गौरव की बात है।