मौसम में बदलाव से लेकर विभिन्न तरह की चुनौतियों का सामना करने वाले भेड़ पालकों भेड़ चोरों से परेशान हैं। चंबा समेत ऊंचाई वाले सुदूरवर्ती क्षेत्रों से ठंड के मौसम में घास चराने के लिए निचले इलाकों में आने वाले भेड़ पालकों की भेड़ें चोरी होने की शिकायतें सामने आई हैं। शिकायत करने वाले भेड़ पालकों का दावा है कि पहले तो एक सीजन में एक दो भेड़ चोरी होती थी, लेकिन अब आधा दर्जन से ज्यादा भेड़ एक एक दिन में चोर गाड़ियों में भरकर उठा ले जा रहे हैं।
स्थानीय पुलिस भी भेड़ पालकों की शिकायत पर सुनवाई नहीं कर रही। इस पर भेड़ पालकों ने अब पुलिस मुख्यालय का दरवाजा खटखटाया है। पुलिस दावा करती है कि सभी शिकायतों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाती है, आला अधिकारी भी सुनवाई को लेकर निर्देश जारी करते रहते हैं, लेकिन भेड़पालकों के एक दल ने पीएचक्यू पहुंचकर उन्हीं अफसरों के निर्देशों की पोल खोल दी।
शुक्रवार को भेड़ पालकों ने पीएचक्यू के आला अधिकारियों से शिकायत की कि स्थानीय पुलिस उनकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं कर रही और रोजाना उनकी भेड़ चोरी हो रही हैं। इस अजीबोगरीब मामले पर पहले तो आला अधिकारी भी समझ नहीं पाए लेकिन जब भेड़पालकों ने अपने जीवन यापन के आधार के खत्म होने की बात कही तो अधिकारियों ने सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें लौटाया। एडीजी कानून व्यवस्था एसबी नेगी ने बताया कि भेड़ पालकों की शिकायत मिली है। शिकायत के आधार पर उन स्थानों को चिह्नित कर भेड़ चोरों को पकड़ने के लिए निर्देश जारी किए जा रहे हैं।