प्रेम सिंह भेड़-बकरियां चराने के लिए जंगल में गया था, जहां पांव फिसलने से वह ढांक में गिर गया और सिर में चोट लगने से बेसुध हो गया और पूरी रात वहीं पड़ा रहा।
सर्दियां पंजाब में बिताने के बाद अपनी भेड़-बकरियों के साथ चुराह की ओर लौट रहे एक भेड़पालक की ढांक से गिर कर मौत हो गई। मृतक की पहचान (41) वर्षीय प्रेम सिंह पुत्र सागर गांव मझोगा तहसील चुराह के रूप में हुई है। जानकारी अनुसार प्रेम सिंह में अपनी भेड़-बकरियों को चराने के लिए पंजाब में ले गया था। अब वापस चंबा के चुराह की ओर लौट रहा था। इस दौरान प्रेम सिंह ने बनीखेत स्थित पेट्रोल पंप के पास हाईवे के किनारे अपना डेरा लगाया था।
शनिवार को वह अपनी भेड़-बकरियां चराने के लिए साथ लगते जंगल में गया था, जहां पांव फिसलने से वह ढांक में गिर गया और सिर में चोट लगने से बेसुध हो गया और पूरी रात वहीं पड़ा रहा। देरशाम तक भेड़पालक के डेरे पर वापस न लौटने पर उसके साथियों ने तलाश आरंभ की तो देररात तक कोई भी सुराग न लगने पर डेरे में वापस लौट आए। रविवार सुबह फिर से साथी भेड़पालकों ने प्रेम सिंह की तलाश आरंभ की।
सुबह अमूमन सवा नौ बजे भेड़पालकों ने ढांक में खाई में गिरे गए प्रेम सिंह को ढूंढ निकाला और पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। डीएसपी डलहौजी हेमंत कुमार ठाकुर ने कहा कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है।