सांसद शांता कुमार ने कहा कि स्वर्णकार टैक्स देने को तैयार हैं पर इंस्पेक्टरी राज हावी नहीं होना चाहिए।
- फोटो : फाइल फोटो
वरिष्ठ भाजपा नेता एवं सांसद शांता कुमार भी हड़ताल पर चले रहे स्वर्णकारों के पक्ष में उतर आए हैं। उन्होंने वित्त मंत्री अरुण जेटली को पत्र लिखा है। इसमें स्वर्णकारों की परेशानी से अवगत करवाया है। पत्र में शांता ने लिखा है कि स्वर्णकारों का आंदोलन बहुत लंबा हो रहा है। इससे उनका कारोबार तो बंद ही है।
साथ ही अन्य लोगों को असुविधा हो रही है। इस समय शादियों का सीजन चल रहा है। लोगों को शादियों में आभूषणों की जरूरत है, लेकिन स्वर्णकारों के आंदोलन के चलते उन्हें परेशानी हो रही है।
प्रदेश के स्वर्णकारों के नेता कई बार उनसे मिले हैं। उनका कहना है कि वे टैक्स देने से नहीं कतराते, लेकिन उन्हें यह डर है कि उन पर इंस्पेक्टरी राज हावी होगा और परेशानी होगी।
सरकार सोने के आयात पर एक प्रतिशत की बजाय दो प्रतिशत टैक्स लगा दे। उससे सरकार को आय भी अधिक होगी। स्वर्णकारों को भी कोई कठिनाई नहीं होगी।
शांता ने वित्त मंत्री से आग्रह किया है कि जिस व्यवसाय से देश के करोड़ों लोग जुड़े हैं और पिछले करीब एक महीने से हड़ताल पर हैं। उनके साथ बातचीत करके कोई रास्ता निकालना चाहिए। उन पर इंस्पेक्टरी राज की तलवार न लटके इस संबंध में कोई योजना बनाई जानी चाहिए