सुरक्षा कर्मियों ने किया बीच बचाव कर शांत कराया मामला अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) शिमला में सोमवार दोपहर के समय एबीवीपी और एसएफआई कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। इस दौरान एचपीयू के सुरक्षा कर्मियों ने बीच बचाव कर स्थिति को संभाला।
पुलिस ने सूचना मिलते ही क्यूआरटी को परिसर में तैनात कर दिया है। इससे पहले भी छात्र संगठनों के बीच पिछले दिनों खूनी झड़प हो चुकी है। इसमें कई कार्यकर्ता घायल हो गए थे। इसको देखते हुए पुलिस ने किसी भी स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल परिसर में तैनात कर रखा है। सूचना के मुताबिक सोमवार को पौने एक बजे के करीब एडमिन ब्लॉक के पीछे स्थित कैंटीन के पास एसएफआई और एबीवीपी कार्यकर्ताओं के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद मामला मारपीट तक जा पहुंचा। इसकी सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय के सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे और स्थित को संभाला। इस मारपीट में किसी के गंभीर चोटिल होने की सूचना नहीं है।
समरहिल से भी छात्र संगठनों के बीच झड़प की जानकारी मिलते ही पुलिस बल मौके पर भेजा था। इसके बाद कार्यकर्ताओं को तितर बितर किया गया। छात्र संगठनों के बीच काफी समय से माहौल तनावपूर्ण चल रहा है। कुछ दिन पहले वॉल राइटिंग के स्थान को लेकर शुरू हुआ विवाद बाद में खूनी संघर्ष तक पहुंच गया था। अब इस तरह की स्थिति दोबारा पैदा न हो, इसको देखते हुए पुलिस ने पहले से ही परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी है। एबीवीपी की ओर से इस मामले की शिकायत मुख्य सुरक्षा अधिकारी के माध्यम से पुलिस को भी दी है।