वेस्ट को नियमों के अनुरूप ठिकाने लगाने के निर्देश अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। सुपर स्पेशलिटी अस्पताल चमियाना में सर्जरी में काटी मरीज की टांग को कुत्ते के उठाकर ले जाने की घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन ने मेडिकल वेस्ट को तय नियमों के अनुरूप ठिकाने लगाने के आदेश दिए हैं। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
अस्पताल में वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. सुधीर शर्मा ने अस्पताल के सफाई और सुरक्षा में लगाए गए हर कर्मचारी की ड्यूटी का पूरा रिकार्ड रजिस्टर में रखे जाने के आदेश दिए हैं। अस्पताल से निकलने वाले मेडिकल वेस्ट और अन्य कचरे को तय नियमों के अनुसार उठाने और ठिकाने लगाने की व्यवस्था को सुनिश्चित करने को लेकर सुपरवाइजर और मेडिकल वेस्ट उठाने का कार्य करने वाली एजेंसी को निर्देश दिए हैं। नियमों के तहत 48 घंटे के भीतर मेडिकल वेस्ट को ठिकाने लगाया जाना चाहिए। गर्मियों के सीजन के शुरू होने पर संक्रमण की संभावनाओं को समाप्त करने के मकसद से कचरे को समय से उठाने के साथ अस्पताल में सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए कहा है।
विज्ञापन
एमएस डॉ. सुधीर शर्मा ने कहा कि सफाई और सुरक्षा व्यवस्था की अस्पताल के जिम्मेदार अधिकारी बराबर निगरानी भी रखेंगे। इसके लिए जिम्मेदारी तय कर दी है, जिसमें पूरा रिकार्ड चेक किया जाएगा। एमएस ने नगर निगम शिमला के मेयर को पत्र लिखकर चमियाना में बढ़ रही लावारिस कुत्तों की संख्या और इससे पैदा हो रही समस्याओं को कम करने के लिए कुत्तों की नसबंदी करने के लिए सहयोग मांगा है।
तीन कर्मियों ने ही दिया नोटिस का जवाब कुत्ते के टांग को उठाकर ले जाने के मामले में छह सफाई कर्मचारियों और एक सुपरवाइजर को प्रशासन की ओर से दिए गए कारण बताओ नोटिस का अभी तक तीन ही कर्मचारियों ने जवाब दिया है। सभी के जवाब आने पर अस्पताल प्रशासन चूक के लिए जिम्मेदार पाए जाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करेगा।